Chandigarh/Ferozepur, 8 June: पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने फिरोजपुर पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर फिरोजपुर के चर्चित दुकानदार हत्याकांड में शामिल राजस्थान के दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु कुमार (भरतपुर, राजस्थान) और राहुल महावर (कोटा, राजस्थान) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .30 बोर की बेरेटा पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विष्णु कुमार का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर राजस्थान पुलिस द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
गौरतलब है कि 1 जून 2026 को मखू स्थित गाबा जनरल स्टोर के मालिक गुरचरण सिंह गाबा की मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद AGTF ने विशेष “हिल ट्रैप” ऑपरेशन शुरू किया और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर जम्मू-कश्मीर में छिपे आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने पतनीटॉप-कुड़ रोड पर लगाए गए नाके के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया।
पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी साजिश, फंडिंग और अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी हुई है।




















