भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रनों से हराया, गोल्ड मेडल के लिए फाइनल में श्रीलंका से होगी भिडंत

3

भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रनों से हरा दिया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल मैच के लिए क्वालिफाई कर लिया है। टीम इंडिया ने फाइनल में अपनी जगह बना ली है। भारत ने यह जीत शेफाली वर्मा की नाबाद शतकीय पारी और कसी हुई गेंदबाजी के दम पर दर्ज की। फाइनल मुकाबला अब भारत और श्रीलंका के बीच होगा.

मुकाबले की बात करें तो दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए, भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। जवाब में, बांग्लादेश की टीम 15.4 ओवर में 81 रनों पर ऑलआउट हो गई।

एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया. शेफाली ने 49 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए. अपनी इस पारी में उन्होंने 9 छक्के और 3 चौके जड़े.

शेफाली ने हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी की। शेफाली के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 40 रनों का अहम योगदान दिया। पारी की शुरुआत करने उतरीं स्मृति मंधाना ने 37 रन बनाए. गेंदबाजी में, दीप्ति शर्मा और नंदिनी शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि श्री चरानी ने दो विकेट लिए। भारत ने शुरुआत से ही बांग्लादेश पर दबाव बनाए रखा और उनकी पारी 81 रनों पर समेट दी।

22 सितंबर को फाइनल में श्रीलंका से होगा भारत का सामना

गोल्ड मेडल के लिए फाइनल मुकाबला अब भारत और श्रीलंका के बीच 22 सितंबर को होगा. श्रीलंका ने पाकिस्तान को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई है. पिछले एशियन गेम्स में भी भारत और श्रीलंका के बीच ही फाइनल खेला गया था.

मंधाना महिला T20 इंटरनेशनल मैचों में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी
स्मृति मंधाना 19 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुईं। इस पारी के साथ, मंधाना महिला T20 इंटरनेशनल मैचों में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी भी बन गईं। उन्होंने अब कुल 4,788 रन बना लिए हैं और न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (4,758 रन) को पीछे छोड़ दिया है।