उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक दुखद खबर सामने आई है। सादाबाद कस्बे के कहारन मोहल्ले में एक घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरा घर आघ की लपटों में घिर गया। घर के अंदर सो रहे 70 वर्षीय शहजाद और उनकी 65 वर्षीय पत्नी सलमा बेगम को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों की आग में जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इस हादसे से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
यह घटना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:00 बजे हुई। शहजाद अपने परिवार के साथ सादाबाद के कहारन मोहल्ले में रहते थे। रात के समय, जब यह बुजुर्ग दंपत्ति घर के अंदर सो रहा था, तभी अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में पूरा घर आग की लपटों में घिर गया। रात का समय होने और दंपत्ति के गहरी नींद में होने के कारण, उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला। आग इतनी भीषण थी कि वे घर से बाहर नहीं निकल सके और आग की लपटों ने उनकी जान ले ली।
बताया जा रहा है कि 70 वर्षीय शहजाद पेशे से दर्जी थे। वे अपनी 65 वर्षीय पत्नी सलमा बेगम और छोटे बेटे के साथ रहते थे। घटना के समय उनका छोटा बेटा घर पर नहीं था; वह एक शादी में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था। इसी बीच घर में आग लग गई, जिसमें बुजुर्ग दंपत्ति अंदर ही फंस गए। इस हादसे के बाद परिवार गहरे शोक में है। परिवार के दो सदस्यों के चले जाने से वे पूरी तरह से टूट गए हैं।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की भीषणता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। बचाव कार्यों में मदद के लिए SDRF की टीम भी मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद, घर के अंदर से बुजुर्ग दंपत्ति के शव बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




























