दीवाली के जश्न के दौरान देशभर में पटाखों की वजह से आग लगने की घटनाएं, MP में 12 की जान गई, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 की मौत

3

दिवाली की रात जश्न के दौरान, देश के कई शहरों में पटाखों की वजह से आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं और कुछ लोग अभी भी लापता हैं। सबसे ज्यादा मौतें मध्य प्रदेश में हुईं, जहां दो अलग-अलग घरों में लगी आग में 12 लोगों की जान चली गई।

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में, एक घर में आग लगने से एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई; मरने वालों में 2 महीने का एक बच्चा भी शामिल था। वहीं, सिवनी जिले में सराफा व्यापारी के घर में आग लगने से 6 लोगों की जान चली गई।

वहीं महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में किराने की दुकान के ऊपर बने मकान में रहने वाले एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मुंबई के लोखंडवाला में आग लगने की एक अन्य घटना में भी एक व्यक्ति की जान चली गई।

इसके अलावा, राजस्थान के पाली में पटाखों की एक दुकान में आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग लापता हो गए। इस घटना में तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए।

वहीं, दिल्ली के नरेला में रॉकेट पटाखा पेट में लगने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। जम्मू के नेहरू मार्केट में आग लगने से 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं, जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा में कबाड़ की एक दुकान में लगी आग से लगभग 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

नागपुर में, एक TVS शोरूम में आग लगने से कई दोपहिया वाहन जलकर नष्ट हो गए। इसी बीच, पुणे में आग लगने की 63 घटनाएं सामने आईं। इनमें से किसी भी घटना में किसी की जान जाने की खबर नहीं है।

मुंबई के डोंगरी इलाके में आग से कई दुकानें और झुग्गियां जल गईं, जबकि दादर के कामगार स्टेडियम में लगी आग पर दमकलकर्मियों ने 17 मिनट में काबू पा लिया। महाराष्ट्र के ठाणे में 17 मंजिला बिल्डिंग में आग लगी। ठाणे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।