अमृतसर एयरपोर्ट पर हंगामा, दुबई जाने वाली SpiceJet फ्लाइट 18 घंटे लेट

17

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब यात्रियों को पता चला कि दुबई जाने वाली SpiceJet की फ्लाइट करीब 18 घंटे की देरी से रवाना होगी। फ्लाइट में देरी की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और कई यात्रियों की एयरलाइन स्टाफ के साथ तीखी बहस भी हुई।

यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन की ओर से उन्हें फ्लाइट में देरी की जानकारी पहले नहीं दी गई। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद जब उन्हें देरी का पता चला तो उन्हें फ्लाइट लेट होने का स्पष्ट कारण भी नहीं बताया गया। यात्रियों का कहना है कि इतने लंबे इंतजार के बावजूद उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।

यात्रियों ने सुविधाएं नहीं मिलने का लगाया आरोप

यात्रियों का आरोप है कि फ्लाइट में इतनी लंबी देरी होने की स्थिति में एयरलाइन को नियमों के मुताबिक यात्रियों के ठहरने के लिए होटल या वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था करनी चाहिए थी। लेकिन उन्हें एयरपोर्ट पर ही इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे काफी परेशानी हो रही है।

बच्चों के साथ पहुंचे यात्री सबसे ज्यादा परेशान

फ्लाइट का इंतजार कर रहे कई यात्रियों के साथ छोटे बच्चे भी हैं। यात्रियों का कहना है कि बच्चों के साथ एयरपोर्ट पर करीब 18 घंटे इंतजार करना बेहद मुश्किल हो रहा है। बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कई यात्रियों ने बताया कि वे पंजाब के दूर-दराज के इलाकों से अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे थे, ताकि समय पर दुबई की फ्लाइट पकड़ सकें। लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्हें फ्लाइट के 18 घंटे लेट होने की जानकारी मिली।

बार-बार बढ़ाया गया देरी का समय

यात्रियों का यह भी आरोप है कि शुरुआत में एयरलाइन की ओर से फ्लाइट के देरी से उड़ने का कुछ और समय बताया गया था, लेकिन बाद में देरी का समय लगातार बढ़ता गया। यात्रियों का कहना है कि अगर पहले ही फ्लाइट इतनी लेट होने की जानकारी दे दी जाती और टिकट का रिफंड कर दिया जाता, तो वे दूसरी फ्लाइट से यात्रा की व्यवस्था कर सकते थे।

यात्रियों में कई ऐसे लोग भी हैं जिन्हें दुबई पहुंचकर नौकरी या ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। फ्लाइट में इतनी लंबी देरी के कारण उनकी आगे की यात्रा और काम का शेड्यूल भी प्रभावित हो रहा है।

फिलहाल यात्रियों में एयरलाइन की व्यवस्था और फ्लाइट में हुई लंबी देरी को लेकर भारी रोष है।