असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई। असम के मंत्री और बोकाखाट से विधायक अतुल बोरा ने इसकी जानकारी दी है।
हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि असम के काजीरंगा में एक यात्री वाहन के ट्रक से टकरा जाने के कारण कम से कम 24 लोगों की जान चली गई। यह टक्कर कोहोरा रेंज में हाथीकुली चाय बागान के पास, राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) 715 पर रंगाजान में हुई, जब 30 से अधिक लोगों को ले जा रही एक तेज रफ्तार मिनी बस ट्रक से टकरा गई।
इस घटना में कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अधिकारियों को आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, बस में लगभग 35 यात्री सवार थे, जिनमें कई कॉलेज के छात्र भी शामिल थे। दुर्घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई एम्बुलेंस भी मौके पर भेजी गईं।
गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका ने पीटीआई को बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव जा रही थी। बस तेज रफ्तार में थी। शुरुआती जांच के मुताबिक, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई।
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SP) स्वप्ननील डेका ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “हम सभी मौके पर मौजूद हैं और बस से शव निकाले जा रहे हैं, इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।”
मुख्यमंत्री हिमंत ‘बेहद दुखी’
हादसे के असल कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस बीच, सोशल मीडिया पर कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हो गई हैं, जिनमें घटनास्थल के विचलित करने वाले दृश्य दिखाई दे रहे हैं। इन दृश्यों में कॉलेज के छात्रों सहित कई लोग जमीन पर पड़े नजर आ रहे हैं, जबकि स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि वे इस हादसे से बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता घायलों को बचाना और उन्हें हर संभव बेहतरीन इलाज मुहैया कराना है। उन्होंने बताया कि असम के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा, जो स्थानीय विधायक भी हैं, घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्यों की देखरेख कर रहे हैं।
उन्होंने ‘X’ (ट्विटर) पर लिखा, “आज काजीरंगा में हुए इस दुखद हादसे से मैं बेहद आहत हूँ। इस नुकसान ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। कोई भी शब्द उनके दर्द को कम नहीं कर सकता, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूँ कि वे अकेले नहीं हैं। दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है।”
जानकारी के अनुसार, यात्री वाहन ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया था और वह बहुत तेज़ गति में था, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई।
पीटीआई के अनुसार, “मिनीबस बहुत तेज़ गति से चल रही थी और पार्क के पास लागू प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रही थी। हमें लगता है कि यह दुर्घटना तब हुई जब मिनीबस का ड्राइवर अपना नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई।”


























