पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 537 ठिकानों पर छापेमारी, 204 गिरफ्तार

12

चंडीगढ़, 12 नवंबर 2026। पंजाब में गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ भगवंत मान सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। पंजाब पुलिस ने ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 296वें दिन राज्यभर में 537 स्थानों पर छापेमारी कर 204 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 11 हथियार भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने 198 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की है।

पंजाब पुलिस के अनुसार, राज्य को गैंगस्टर-मुक्त बनाने के उद्देश्य से 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के निर्देश पर ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान शुरू किया गया था। इसके तहत सभी जिलों की पुलिस टीमें एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के सहयोग से लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

अब तक 83,909 गिरफ्तारियां

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, अभियान के 296वें दिन की कार्रवाई के बाद अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 83,909 हो गई है। पुलिस टीमों ने आज की कार्रवाई के दौरान 11 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। वहीं, 198 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई है।

पंजाब पुलिस ने आम लोगों से भी गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। इसके लिए ‘एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन’ नंबर 93946-93946 जारी किया गया है। इस नंबर पर आम लोग गैंगस्टरों, वांछित अपराधियों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी गुप्त रूप से साझा कर सकते हैं।

नशा तस्करी के खिलाफ 133 आरोपी गिरफ्तार

दूसरी ओर, पंजाब पुलिस का ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान भी 621वें दिन जारी रहा। इस दौरान पुलिस ने राज्यभर में कार्रवाई करते हुए 133 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 किलोग्राम हेरोइन, 2 किलोग्राम अफीम, 1,933 नशीली गोलियां और 52,500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इस कार्रवाई के साथ ही अभियान के 621 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 92,354 हो गई है।

27 लोगों को नशामुक्ति के लिए किया प्रेरित

पंजाब पुलिस केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए भी प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में आज 27 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस के अनुसार, गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ दोनों अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।