दिल्ली पुलिस ने चावड़ी बाजार में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने की घटना के सिलसिले में तीन बिल्डिंग ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को हुई इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हो गए थे। हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
आरोपियों को हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सिरोही गांव से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, इन तीनों को इस घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए ठेकेदारों की पहचान सिराज (स्वर्गीय अब्दुल सकूर के बेटे), ताजुद्दीन (समुद्दीन के बेटे) और फुरकान (अब्दुल हफीस के बेटे) के रूप में हुई है। ये तीनों दिल्ली के अजमेरी गेट इलाके के रहने वाले हैं। सिराज और ताजुद्दीन ‘गली सितारा’ में रहते हैं, जबकि फुरकान अजमेरी गेट के शाहगंज चौक के पास ‘गली नल वाली’ में रहता है।
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार सुबह 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सत्तारा में हुई। जानकारी के अनुसार, तीन मंजिला इमारत में पिछले 3-4 माह से निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के चलते गुरुवार सुबह अचानक हादसा हो गया।
सूचना मिलने के बाद दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। NDRF, दिल्ली पुलिस और MCD की टीमें भी रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं।
MCD के दो इंजीनियर सस्पेंड
गुरुवार को हुई इस घटना के कुछ घंटों बाद, दिल्ली नगर निगम (MCD) के दो जूनियर इंजीनियरों को लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। ओल्ड दिल्ली ज़ोन के डिप्टी कमिश्नर ने अलग-अलग आदेश जारी कर एक असिस्टेंट इंजीनियर और एक जूनियर इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
आदेशों में कहा गया है कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि इन्होंने अपने काम में गंभीर लापरवाही बरती है। आदेश में लिखा है, “हाल ही में हुई घटना और उसके बाद के हालात को देखते हुए, और अपने काम में गंभीर लापरवाही के शुरुआती सबूतों के आधार पर, आपको तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाता है। इस मामले में आगे की जांच जारी रहेगी।”
इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज करने और संबंधित नगर निगम (MCD) के दो इंजीनियरों को तुरंत निलंबित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री गुप्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास, गली सितारा में स्थित दुर्घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण सुरक्षा मानकों से समझौता करने के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि घायलों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया जाए और प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए।
चावड़ी बाजार में इमारत गिरने की क्या वजह थी?
चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास, गली सितारा में सुबह करीब 9:50 बजे तीन मंजिला इमारत ढह गई। इसके बाद कई आपातकालीन टीमों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया। MCD के एक अधिकारी के मुताबिक, इमारत का निर्माण चल रहा था, लेकिन करीब 15 दिन पहले काम रोक दिया गया था। हादसे के समय मजदूर छत के नीचे लगे सपोर्ट सिस्टम को हटा रहे थे। इसी दौरान पूरी इमारत ढह गई।
























