दिल्ली में 3 मंजिला निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरी, मलबे में दबने से 2 की मौत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका

17

दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, करीब 15 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है। घटना की जानकारी लगने पर मंत्री आशीष सूद और सीएम रेखा गुप्ता भी मौके पर पहुंची हैं।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सत्तारा में हुई। सूचना मिलने के बाद दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। NDRF, दिल्ली पुलिस और MCD की टीमें भी रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं। हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

छत का सपोर्ट सिस्टम हटाते समय गिरी इमारत

MCD के एक अधिकारी के मुताबिक, इमारत का निर्माण चल रहा था, लेकिन करीब 15 दिन पहले काम रोक दिया गया था। हादसे के समय मजदूर छत के नीचे लगे सपोर्ट सिस्टम को हटा रहे थे। इसी दौरान पूरी इमारत ढह गई।

जानकारी के अनुसार, तीन मंजिला इमारत में पिछले 3-4 माह से निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के चलते गुरुवार सुबह अचानक हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम ने बताया कि इमारत पिछले 3-4 महीने से बन रही थी। तीन-चार लिंटर डाले जा चुके थे और वे सभी एक साथ गिर गए। घटना के समय करीब तीन-चार लोग मौजूद थे। एक शव को मलबे से बाहर निकालते हुए देखा गया है।

MCD ने मामले में दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इनमें असिस्टेंट इंजीनियर (बिल्डिंग) मोहम्मद नईम और जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग) अमन दलाल शामिल हैं।

दिल्ली में इस साल इमारत गिरने का यह छठा बड़ा मामला है।