उत्तरकाशी में इनोवा कार बेकाबू होकर नदी में गिरी; 4 लोगों की मौत, 7 लोग थे सवार, रेस्क्यू जारी

23

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक इनोवा कार बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई और सीधे नदी में जा पहुंची। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सात लोग सवार थे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवाएं तत्काल सक्रिय हो गईं।

नदी के किनारे से चार लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, कार में सवार अन्य लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिनके नदी में लापता होने की आशंका है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग गुजरात के रहने वाले थे।

यह हादसा गुरुवार सुबह गंगनानी के पास हुआ—जो धारा कुंड से लगभग 20 मीटर आगे, डाबरानी की तरफ है। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर UK08 TA6040 है और यह हरिद्वार में रजिस्टर्ड है।

प्रशासन ने आपदा प्रबंधन केंद्र और मेडिकल टीमों को अलर्ट कर दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाएं और यह सुनिश्चित करें कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाए। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।