ग्वालियर त्रासदी के बाद सीएम मोहन यादव ने 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने और CSP को हटाने का दिया आदेश

13

ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए एक ट्रक हादसे में 14 लोगों की मौत के मामले में, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लापरवाही बरतने के आरोप में एक सिटी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (CSP) को उनके पद से हटाने और आठ अन्य पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने का आदेश दिया है।

यह हादसा रविवार देर रात करीब 1:30 बजे शीतला माता मंदिर के पास हुई। धान से भरा एक ट्रक ढलान पर बेकाबू हो गया और मंदिर के पास मौजूद श्रद्धालुओं से जा टकराया। ट्रक कथित तौर पर बैरिकेड्स और पुलिस चेकपॉइंट को तोड़ते हुए श्रद्धालुओं के ऊपर से गुजर गया और मंदिर की बाहरी दीवार व गेट से जा टकराया।

घटना के बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए ग्वालियर के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) धर्मवीर सिंह ने बताया कि नवरात्रि के कारण मंदिर में काफी भीड़ थी, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि इस ढलान वाले रास्ते पर भारी वाहनों का आना मना था।

न्यूज़ एजेंसी ANI ने सिंह के हवाले से बताया, “यह पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर, अचानक कंट्रोल खोकर नीचे आ गया और मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया। सड़क पर चल रहे भक्त इसके नीचे दब गए, जिससे यह हादसा हुआ।”

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आठ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने का आदेश दिया

‘X’ (ट्विटर) पर एक पोस्ट में, मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जिम्मेदारी तय करने के लिए विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लिखा, “ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुई घटना में बरती गई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए, CSP को तुरंत उनके पद से हटाने और तीन स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO), एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल तथा तीन कांस्टेबलों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए गए हैं।”

मुख्यमंत्री ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यादव ने आगे कहा, “भविष्य में ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और जरूरी कदम उठाए जाएंगे। जन सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जान-माल के नुकसान पर दुख जताया और पीड़ितों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से, जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। हादसे में घायल हुए लोगों को 50,000-50,000 रुपये दिए जाएंगे।

घटना की जांच चल रही है। अधिकारी सुरक्षा में हुई संभावित चूक और उन परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं, जिनकी वजह से ट्रक मंदिर के पास भीड़भाड़ वाले इलाके तक पहुंच गया।