सोनू सूद समेत कई कलाकारो ने कोलकाता दुर्गा पूजा भगदड़ पर जताया दुख

13

कोलकाता के चोरबागन दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ से कई लोग सदमे में हैं और शोक मना रहे हैं। सोनू सूद, प्रोसेनजीत चटर्जी और सुभाश्री गांगुली समेत कई मशहूर हस्तियों ने सोशल मीडिया पर अपना दुख जताया और इस दुखद घटना से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

सोनू सूद ने रविवार को अपने X (ट्विटर) हैंडल पर लिखा, “कोलकाता की भगदड़ में हुई मौतों से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। जिन परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं सभी घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।”

अभिनेता देव ने भी इस दुखद घटना पर शोक जताया है। उन्होंने फेसबुक पर अपना दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद परेशान करने वाली और दिल तोड़ने वाली है। एक ऐसा त्योहार जो लाखों लोगों को खुशी, भक्ति और उत्सव के लिए एक साथ लाता है, वह कभी भी किसी हादसे या त्रासदी का कारण नहीं बनना चाहिए। इस दुखद घटना में जिन्होंने अपनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ।”

उन्होंने आगे लिखा, “मैं माँ दुर्गा से प्रार्थना करता हूँ कि वह अपने सभी भक्तों की रक्षा करें और हमारे प्यारे ‘सिटी ऑफ जॉय’ (कोलकाता) पर अपनी कृपा बनाए रखें। माँ का आशीर्वाद सभी को सुरक्षित रखे। बंगाल का यह सबसे बड़ा त्योहार हमेशा खुशी, आस्था और एकजुटता का उत्सव बना रहे, और कभी भी यहाँ के लोगों के लिए किसी बुरे सपने में न बदले।”

सुभाश्री गांगुली ने भी गहरा दुख जताया और बंगाली भाषा में लिखा, जिसका हिंदी अनुवाद कुछ इस प्रकार है: “त्योहार की चमक फीकी पड़ गई है और पीछे छोड़ गई है चोपड़ा घटना की दिल दहला देने वाली त्रासदी। कई बेगुनाह लोगों की जान चली गई है, जिससे पीड़ित परिवारों के जीवन पर गहरा अंधेरा और दुख छा गया है। यह त्रासदी ऐसी है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके दर्द की गहराई की हम कल्पना भी नहीं कर सकते। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।”

उन्होंने आगे लिखा, “मैं प्रार्थना करती हूं कि सभी को इस कठिन परिस्थिति का सामना करने की शक्ति मिले और जो लोग इस दुनिया से चले गए हैं, उनकी आत्मा को शांति मिले।”