ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, रात को नूडल्स खाकर सोए, सुबह मिले मृत

15

Greater Nodia 5 Family Members Mysterious Death: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां नगला श्रीगोपाल गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतकों में पति, पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला जहर दिए जाने का लग रहा है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद पड़ोसियों में सन्नाटा और दहशत का माहौल है. पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार रात में नूडल्स खाने के बाद सोने चला गया था. शनिवार सुबह जब घर से कोई हलचल नहीं हुई और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई. जब पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे तो पूरा परिवार बेड पर अचेत पड़ा हुआ था. उन्हें जगाने की कोशिश की गई लेकिन किसी के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

मृतकों की पहचान महेश (36), उनकी पत्नी ललिता (34), उनके बेटे लड्डू (12), बेटी मिस्टी (8) और सबसे छोटी बेटी साक्षी (4) के रूप में हुई है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

मौके पर पहुंची फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने रसोईघर से चाय के बर्तन, नूडल्स और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल कब्जे में ले लिए हैं ताकि लैब जांच कराई जा सके.

पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लिया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मौत का असली कारण जांच के बाद ही पता चल पाएगा। इस घटना से इलाके में काफी खलबली मच गई है।