उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का असर जारी है। बर्फबारी के बीच उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सपोर्ट स्टाफ फंसे थे। रेस्क्यू ऑपरेशन में अब तक 85 पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि 51 अभी फंसे हुए हैं।
लैंडस्लाइड से आदि कैलाश मार्ग समेत 86 सड़कें बंद हैं। इनमें चमोली की 21, नैनीताल की 18 और पिथौरागढ़ की 15 सड़कें शामिल हैं।
केदारनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड, 1500 श्रद्धालुओं का रेस्क्यू
उत्तराखंड के केदारनाथ मार्ग पर चिरबासा के पास लैंडस्लाइड के कारण फंसे करीब 1500 श्रद्धालुओं को SDRF, NDRF और DDRF की जॉइंट टीमों ने सुरक्षित निकाल लिया।
श्रद्धालुओं को मलबे वाले रास्ते से निकालकर गौरीकुंड पहुंचाया गया। लगातार पत्थर गिरने से रास्ता खतरनाक बना हुआ था।
उत्तराखंड में आज मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के सभी जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, देहरादून और हरिद्वार में यलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, नेपाल से गंडक नदी में पानी छोड़े जाने के बाद बिहार के पश्चिम चंपारण और सुपौल के 23 गांवों में बाढ़ आ गई। बाढ़ से करीब 82 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।
उत्तर प्रदेश में 4 दिनों से लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। गोंडा और बदायूं में छोटे पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है। आंधी-बारिश से पिछले 2 दिनों में 63 लोगों की मौत हुई है।























