‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान का 250वां दिन: पंजाब पुलिस द्वारा 592 स्थानों पर छापेमारी; 264 काबू

5
  • पुलिस टीमों ने 184 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की
  • लोग ‘एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946’ के माध्यम से गुप्त रूप से गैंगस्टरों संबंधी दे सकते हैं जानकारी
  • ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 575वें दिन 111 नशा तस्कर 25.7 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार

चंडीगढ़: ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 250वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्य भर में गैंगस्टरों के साथियों के तौर पर चिन्हित और मैप किए गए 592 ठिकानों पर छापेमारी की।

उल्लेखनीय है कि पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए ‘गैंगस्टरां ते वार’ एक निर्णायक जंग है, जिसकी शुरुआत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी, 2026 को की गई थी। सभी जिलों की पुलिस टीमें, ‘एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स’ (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से राज्य भर में विशेष अभियान चला रही हैं।

250वें दिन पुलिस टीमों ने 264 व्यक्तियों को 6 हथियारों सहित गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 74,180 हो गई है।

इसके अलावा 184 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने इस अभियान के दौरान छह भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।

लोग ‘एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946’ के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंधित जानकारी गुप्त रूप से दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों संबंधी सूचना भी साझा की जा सकती है।

इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के विरुद्ध अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ को 575वें दिन भी जारी रखते हुए आज 111 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 25.7 किलो हेरोइन, 624 नशीली गोलियां तथा 42,200 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या केवल 575 दिनों में 80,445 तक पहुंच गई है। नशा छुड़ाने की मुहिम के हिस्से के तौर पर पंजाब पुलिस ने आज 13 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए राजी किया है।