नशों के मुकम्मल खात्मे के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी : डॉ. बलजीत कौर

5

चंडीगढ़ /मलोट/श्री मुक्तसर साहिब: पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के संरक्षण और कुशल नेतृत्व में नशों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और नशा मुक्त अभियान के तहत आज मलोट में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि नशों के मुकम्मल खात्मे के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत सरकार द्वारा ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम चलाई जा रही है, जिसके सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नशे पर नियंत्रण के लिए ग्रामीण और शहरी स्तर पर नशा विरोधी समितियों का गठन किया गया है। नशा बेचने वालों की सूचना देने वाले लोगों का नाम पुलिस प्रशासन द्वारा गुप्त रखा जा रहा है। नशा बेचने वालों की संपत्तियां जहां जब्त की जा रही हैं, वहीं तस्करों द्वारा बनाई गई इमारतों को पुलिस प्रशासन द्वारा सिविल प्रशासन की सहायता से गिराया जा रहा है, ताकि नशे की बीमारी को खत्म किया जा सके।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब के युवाओं ने हमेशा देश और राज्य का नाम रोशन किया है। सीमाओं की रक्षा से लेकर खेल, कृषि और हर क्षेत्र में पंजाबी युवाओं की मेहनत और हिम्मत मिसाल रही है। उन्होंने कहा कि अब समय है कि यही जज्बा नशों के खिलाफ लड़ाई में भी दिखाया जाए।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि उनका कोई साथी गलत रास्ते की ओर बढ़ रहा है तो उसे अकेला न छोड़ा जाए, बल्कि प्यार और हौसले के साथ उसे सही दिशा में लाया जाए। उन्होंने अभिभावकों, अध्यापकों, पंचायतों, यूथ क्लबों और सामाजिक संस्थाओं को भी इस मुहिम में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए लगभग 3,000 खेल मैदानों का निर्माण करवाया जा रहा है और बहुत से गांवों में मैदान बनकर तैयार भी हो चुके हैं। इसके अलावा गांवों में ‘मुख्यमंत्री जिम’ मुहिम के तहत जिमों का निर्माण किया गया है। ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ मुहिम के तहत युवाओं को खेलों से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे नशों जैसी बुरी अलामतों से दूर रह सकें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री द्वारा मलोट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और वार्डों को हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और क्रिकेट की 100 से अधिक खेल किटें भी वितरित की गईं। इसके साथ ही नशों की रोकथाम के लिए ‘नशा मुक्ति मित्र’ के रूप में कार्य कर रहीं आंगनवाड़ी वर्करों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मैडम सुरिंदर कौर के निर्देशन और प्रसिद्ध रंगकर्मी कीर्ति कृपाल के नेतृत्व में ‘आओ कोशिश करें’ नाटक का मंचन किया गया। पी.एम. श्री सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा मलवई गिद्धा और कोरियोग्राफी के माध्यम से लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रस्तुतियां दी गईं। लड़की मारिया द्वारा सोलो डांस भी प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (ज) श्री डैवी गोयल, एस.डी.एम. श्री पंकज कुमार, चेयरमैन सहकारी बैंक पंजाब श्री जगदेव सिंह बांम, चेयरमैन जिला योजना समिति श्री सुखजिंदर सिंह काउणी, चेयरमैन मार्केट कमेटी मलोट श्री जशन बराड़, चेयरमैन सिमरजीत सिंह लखेवाली, जिला महिला प्रधान परमिंदर कौर, वाइस प्रधान आशू चानणा, नशा मुक्ति मोर्चे के जिला कोऑर्डिनेटर यादविंदर सिंह हरी के कलां, जिला वाइस कोऑर्डिनेटर जगसीर सिंह सरपंच, हलका कोऑर्डिनेटर गुरप्रीत सिंह विरदी, जिला प्रोग्राम अधिकारी श्रीमती रतनदीप कौर संधू, सिविल सर्जन डॉ. लखबीर कौर सिद्धू, सी.डी.पी.ओ. श्री पंकज कुमार, ट्रक यूनियन प्रधान श्री सुखपाल सिंह दानेवाला, कोऑर्डिनेटर समाजसेवी संस्थाएं डॉ. नरेश परूथी, कुलविंदर सिंह, निजी सहायक श्री अर्शदीप सिंह, श्री शिंदरपाल सिंह, ब्लॉक प्रधान इकबाल सिंह भंगचड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने समारोह में शामिल युवाओं, युद्ध क्लबों, खिलाड़ियों और गणमान्य व्यक्तियों को नशा विरोधी शपथ भी दिलाई।