वैष्णो देवी से लौट रहे तीन श्रद्धालुओं के साथ भयानक सड़क हादसा, ट्रैक्टर को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दो की मौत

8

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले दो श्रद्धालुओं की जालंधर के भोगपुर में सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार वो तीनों माता वैष्णो देवी के दर्शन करके ट्रैक्टर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनके ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।

उनके शवों को जालंधर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। मृतकों की पहचान यूपी के रहने वाले बृज मोहन और महिपाल के तौर पर हुई है।

भोगपुर पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी तलविंदर ने बताया कि वे दोनों दर्शन करने गए थे। रात करीब 1:00 बजे कंट्रोल रूम को हाईवे पर एक हादसे की सूचना मिली। पुलिस की एक टीम और SAF के जवान मौके पर पहुंचे और वहां ट्रैक्टर सवार श्रद्धालु घायल अवस्था में मिले। घायलों को भोगपुर सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के परिवारों को सूचना दे दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि जालंधर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिवारों को सौंप दिए जाएंगे।

हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टक्कर मारने वाली गाड़ी की पहचान करने के लिए हाईवे पर मौजूद दुकानों से CCTV फुटेज इकट्ठा कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से वाहन का सुराग मिल सकेगा। फिलहाल, एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है