इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है. जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाली सरकार ने इटली गणराज्य के युद्ध-बाद के दौर में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया है, और इस मामले में सिल्वियो बर्लुस्कोनी का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार 2001 और 2005 के बीच लगातार 1,412 दिनों तक सत्ता में रही थी; मेलोनी की सरकार लगातार 1,413 दिन सत्ता में पूरे कर लिए हैं।
जियोर्जिया मेलोनी के इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जियोर्जिया मेलोनी को बधाई दी और लिखा, “मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को इटली के युद्ध के बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर बधाई.”। पीएम मोदी ने कहा कि मेलोनी की यह उपलब्धि दिखाती है कि इटली के लोगों को उनके नेतृत्व पर कितना भरोसा है.
उन्होंने मेलोनी को आगे भी सफलता की शुभकामनाएं दीं और कहा कि आने वाले वर्षों में उनकी निरंतर सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में भारत और इटली के रिश्तों की भी बात की और जियोर्जिया मेलोनी की दोस्ती ने भारत-इटली की विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है और मैं हमारे देशों के लोगों के लिए एक समृद्ध भविष्य बनाने के लिए हमारे करीबी सहयोग को जारी रखने की उम्मीद करता हूं।
1,413 दिन से सत्ता में है मेलोनी की सरकार
जॉर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर, 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर पद संभाला था और उनकी सरकार ने सत्ता में 1,413 दिन पूरे कर लिए हैं।
उन्होंने इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए X (पहले ट्विटर) का सहारा लिया और आभार तथा ज़िम्मेदारी की गहरी भावना के साथ इसका स्वागत किया।
मेलोनी ने X पर पोस्ट किया, “आज हमारी सरकार इटली गणराज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक रहने वाली सरकार बन गई है। यह एक ऐसी बात है जिसका मैं आभार और ज़िम्मेदारी की गहरी भावना के साथ स्वागत करती हूँ। क्योंकि स्थिरता कोई ऐसा रिकॉर्ड नहीं है जिसका दिखावा किया जाए, बल्कि यह वह स्थिति है जो किसी देश को योजना बनाने, फ़ैसले लेने, वादे पूरे करने और सम्मान पाने में मदद करती है” ।
2022 में प्रधानमंत्री बनी थीं मेलोनी
22 अक्टूबर 2022 को क्विरिनाले पैलेस में राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला ने मेलोनी को इटली की प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ दिलाई। वह इटली के इतिहास में इस पद पर बैठने वाली पहली महिला हैं।
उन्होंने 15 साल की उम्र में एक स्टूडेंट और यूथ मूवमेंट की सदस्य के तौर पर राजनीति में कदम रखा। 21 साल की उम्र में वे रोम प्रांत की काउंसलर चुनी गईं और 27 साल की उम्र में ‘एज़ियोन जियोवानी’ (Azione Giovani) की नेता चुनी गईं, जो ‘एलेन्ज़ा नाज़ियोनाले’ (Alleanza Nazionale) पार्टी का यूथ मूवमेंट था।
29 साल की उम्र में मेलोनी पहली बार सांसद चुनी गईं और 15वीं विधानसभा के दौरान उन्होंने ‘चैंबर ऑफ़ डेप्युटीज़’ की उपाध्यक्ष के तौर पर काम किया। उनके नाम इटली की सबसे कम उम्र की मंत्री बनने का रिकॉर्ड है। 2008 में, 31 साल की उम्र में वह इटली की युवा मामलों की मंत्री बनीं।























