तमिलनाडु में कांग्रेस और टीवीके के बीच मतभेद होना शुरू हो गए हैं. दरअसल टीवीके की सरकार बने अभी 100 दिन ही पूरे हुए हैं और TVK के नेताओं और मंत्रियों ने सीएम थलापति विजय को 2029 में पीएम पद के तौर पर प्रमोट करने में लगे हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस और टीवीके के गठबंधन में तनाव बढ़ता जा रहा है. कांग्रेस ने तमिलनाडु सरकार से अलग होने तक की चेतावनी दे दी है और कहा कि विजय को 2029 में प्रधानमंत्री के तौर पर प्रोजेक्ट न किया जाए.
वहीं अब, TVK की एस्ट्रोलॉजर और सेलिब्रेटी MLA कनिमोझी संतोष ने एक ऐसा बयान दिया है जिससे तमिलनाडु की राजनीति गरमा गई है। कनिमोझी संतोष ने बुधवार को कहा कि विजय 2029 में प्रधानमंत्री बनेंगे। खास बात यह है कि तमिलनाडु में कांग्रेस ने विजय की सरकार को सपोर्ट करने के लिए एमके स्टालिन का साथ छोड़ दिया था।
कनिमोझी संतोष ने क्या कहा?
टीवीके की एस्ट्रोलॉजर और सेलिब्रेटी एमएलए कनिमोझी संतोष ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 2029 के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार विजय हैं और राहुल गांधी खुद उनका हाथ थामेंगे, उन्हें साथ ले जाएंगे और प्रधानमंत्री की सीट पर बिठाएंगे।
TVK MLA कनिमोझी संतोष ने कहा, “कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विजय को मुख्यमंत्री बनाया था; वैसे ही, 2029 में भी वह विजय का हाथ थामेंगे और उन्हें प्रधानमंत्री बनाएंगे।”
यह बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस के पांच MLA इस मुद्दे पर सरकार से बाहर जाने की धमकी दे चुके हैं। कांग्रेस के दो MLA विजय की सरकार में मंत्री हैं।























