आसमान से बरसी आफ़त के बीच इंसानियत बनी ढ़ाल, चंबा में दंपति ने दुपट्टे से बचाई उफनते पानी में फंसे बाइकर की जान

14

चंबा: चंबा ज़िले के भटियात सब-डिविज़न में आसमान से बरसी आफ़त के बीच इंसानियत की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने सबका दिल जीत लिया है। भटियात के काकीरा-कमलाड़ी मेन रोड पर देर शाम हुई भारी बारिश के बाद सड़क किसी नाले जैसी हो गई थी।

पानी के तेज़ बहाव के बीच, एक बाइकर पानी की धार में फँस गया और उसकी जान पर बन आई। लेकिन संकट की इस घड़ी में, एक परिवार ने अपनी जान की परवाह किए बिना आगे बढ़कर उस बाइकर को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी हिम्मत, समझदारी और इंसानियत ने उफनते पानी के बीच एक जान बचा ली।

इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक परिवार की नजर पानी में फंसे बाइक सवार पर पड़ी. उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और महिलाओं ने अपने दुपट्टे की रस्सी बनाई और उस शख्स को इसी रस्सी के सहारे उफनते नाले से सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की.आखिरकार ये परिवार अपनी कोशिश में कामयाब हो गया. बाइक सवार बाइक वहीं छोड़ रस्सी के सहारे वहां सुरक्षित जगह पर आ गया.

यह वीडियो बानीखेत इलाके का बताया जा रहा है, जहाँ कल देर शाम हुई ज़बरदस्त बारिश के बाद सड़क पर हर तरफ़ बस पानी ही पानी दिखाई दे रहा था।

ज़ोरदार बारिश के दौरान, सड़क अचानक उफनते नाले में बदल गई और और इसी दौरान घटासनी के मामला गांव का एक बाइक सवार तेज बहाव के बीच फंस गया। पानी का बहाव इतना तेज़ था कि बाइकर के लिए खुद को संभालना मुश्किल हो गया।

हालात बिगड़ते देख, वहाँ मौजूद एक परिवार ने बिना समय बर्बाद किए मदद के लिए कदम बढ़ाया। परिवार के सदस्यों ने मिलकर बाइकर को तेज़ बहाव से बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।

मुश्किल समय में इस परिवार ने जिस तरह हिम्मत दिखाई, वह सिर्फ़ किसी की जान बचाने का मामला नहीं, बल्कि इंसानियत की एक मिसाल है। न कोई डर था, न अपनी जान की परवाह; बस एक ही मकसद था – मुसीबत में फँसे व्यक्ति की मदद करना। ज़ोरदार बारिश और बाढ़ के पानी के बीच, इस परिवार की सूझबूझ और हिम्मत ने एक कीमती जान बचा ली।