25 साल पूरे होने पर Bajaj Auto ने लॉन्च की नई Pulsar 150 और Pulsar 125, जानें कीमत और फीचर्स

16

नई दिल्ली: बजाज ऑटो ने अपने लोकप्रिय Pulsar ब्रांड के 25 साल पूरे होने के मौके पर नई Pulsar 150 और Pulsar 125 को लॉन्च किया है। कंपनी ने दोनों मोटरसाइकिलों में नए डिजाइन एलिमेंट्स, आधुनिक तकनीक और बेहतर परफॉर्मेंस के साथ कई नए फीचर्स जोड़े हैं। हालांकि, पल्सर की पहचान माने जाने वाले स्पोर्टी लुक, दमदार रोड प्रेजेंस और परफॉर्मेंस को बरकरार रखा गया है।

 

नई Pulsar 150 की शुरुआती एक्स-शोरूम दिल्ली कीमत 1,15,233 रुपये रखी गई है, जबकि Pulsar 125 की कीमत 92,900 रुपये से शुरू होती है।

 

25 साल में 2 करोड़ से ज्यादा पल्सर बिकीं

 

Pulsar ब्रांड की शुरुआत साल 2001 में हुई थी। बजाज ऑटो के मुताबिक, पिछले 25 वर्षों में पल्सर की 2 करोड़ से ज्यादा मोटरसाइकिलें 40 से अधिक देशों में बिक चुकी हैं। कंपनी का कहना है कि पल्सर ने भारतीय मोटरसाइकिल बाजार में स्पोर्टी राइडिंग और परफॉर्मेंस मोटरसाइकिलों को नई पहचान देने में अहम भूमिका निभाई है।

 

दमदार इंजन और नया गियरबॉक्स

 

नई Pulsar 150 में 149.5cc इंजन दिया गया है, जो 14 PS की अधिकतम पावर और 13.7 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं, Pulsar 125 में 124.58cc इंजन मिलता है, जो 12 PS की पावर और 11 Nm का टॉर्क देता है। कंपनी का दावा है कि नई Pulsar 125 अपने सेगमेंट की सबसे शक्तिशाली 125cc मोटरसाइकिल है।

 

दोनों मॉडल में नया गियरबॉक्स दिया गया है। इससे लोअर गियर में बेहतर ट्रैक्टिव एफर्ट और कम स्पीड पर बेहतर परफॉर्मेंस मिलने का दावा किया गया है। बेहतर पावर-टू-वेट रेशियो के चलते 0-60 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने में भी सुधार किया गया है।

 

नया फ्रेम और मोनोशॉक सस्पेंशन

 

नई Pulsar 150 और Pulsar 125 में डायमंड-टाइप फ्रेम दिया गया है, जिसकी स्टिफनेस को बढ़ाया गया है। इसके साथ नाइट्रोजन गैस-चार्ज्ड इमल्शन टाइप मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है।

 

कंपनी के अनुसार, नए सेटअप से बाइक की हैंडलिंग, स्ट्रेट-लाइन स्टेबिलिटी और कॉर्नरिंग बेहतर होगी।

 

5-इंच TFT कंसोल में कई स्मार्ट फीचर्स

 

नई Pulsar में 5-इंच TFT कंसोल दिया गया है। इसमें Google Maps मिररिंग और नेविगेशन की सुविधा मिलती है। राइडर RC, इंश्योरेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज भी कंसोल पर स्टोर कर सकता है।

 

इसके अलावा कंसोल में लाइव कॉल और मैसेज अलर्ट, म्यूजिक कंट्रोल जैसे कनेक्टेड फीचर्स भी मिलते हैं।

 

Road, Rain और Sport राइडिंग मोड

 

नई Pulsar में राइडर्स को Road, Rain और Sport तीन राइडिंग मोड मिलते हैं। इसके अलावा Crawl Tech फीचर दिया गया है, जो कम स्पीड और भारी ट्रैफिक में बाइक को नियंत्रित करने और राइडिंग को आसान बनाने में मदद करता है।

 

Wolf-Eye LED हेडलैंप और ISG तकनीक

 

नई बाइक्स में Wolf-Eye LED हेडलैंप दिया गया है। Pulsar 150 के टॉप वेरिएंट में बेहतर थ्रो, स्प्रेड और इंटेंसिटी मिलने का दावा किया गया है।

 

टॉप तीन वेरिएंट में ISG (Integrated Starter Generator) तकनीक भी दी गई है। यह ऑटोमैटिक स्टार्ट-स्टॉप सिस्टम के जरिए ईंधन दक्षता को बेहतर बनाने में मदद करती है।

 

बजाज ऑटो ने क्या कहा?

 

बजाज ऑटो के चीफ बिजनेस ऑफिसर, टू-व्हीलर बिजनेस यूनिट सारंग कानडे ने कहा कि पल्सर ने कई पीढ़ियों के राइडर्स को परफॉर्मेंस मोटरसाइकिलिंग का पहला अनुभव दिया है। उनके मुताबिक, नई Pulsar 150 और Pulsar 125 में ब्रांड की प्रतिष्ठित पहचान को बनाए रखते हुए आधुनिक तकनीक और इंजीनियरिंग को शामिल किया गया है।