PM Modi Punjab Visit News: प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को पंजाब में चार अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का करेंगे उद्घाटन

11

PM Modi Punjab Visit News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को पंजाब के दौरे पर पहुंचेंगे और राज्य को रेलवे क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का उद्घाटन करेंगे और जालंधर से वाराणसी के लिए शुरू की जा रही श्री गुरु रविदास जी महाराज के नाम वाली नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

बता दे कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने पीएम मोदी के दौरे की आज जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को दोपहर करीब 3:00 बजे पंजाब के चार नए सिरे से विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। ये स्टेशन महत्वाकांक्षी ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत तैयार किए गए हैं।

ढिल्लों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे, जबकि एस.ए.एस. नगर (मोहाली) रेलवे स्टेशन, श्री मुक्तसर साहिब रेलवे स्टेशन और श्री आनंदपुर साहिब रेलवे स्टेशन को वर्चुअल माध्यम से राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।

पंजाब के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए इसे एक ऐतिहासिक पल बताते हुए ढिल्लों ने कहा कि इन स्टेशनों को आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल ट्रांसपोर्ट हब के तौर पर विकसित किया गया है। वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं देने के साथ-साथ, यहां की स्थानीय विरासत और आर्किटेक्चरल पहचान को भी सुरक्षित रखा गया है। इस रीडेवलपमेंट से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, आसानी से आने-जाने की सुविधा, आधुनिक वेटिंग हॉल, बड़े कॉनकोर्स, अपग्रेडेड प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, एस्केलेटर और यात्रियों के लिए दूसरी सुविधाजनक चीजें मिली हैं।

ढिल्लों ने कहा कि इन चार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन पंजाब में बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने और राज्य के लोगों को विश्व स्तरीय सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति केंद्र सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार रेल, सड़क और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में लगातार निवेश के माध्यम से पंजाब के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बता दे कि प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारतीय जनता पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। ऐसे में इस यात्रा को विकास और राजनीति दोनों नजरियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।