विशाखापत्तनम: होमवर्क न करने पर टीचर की डांट से 6 साल के बच्चे की मौत, डर के मारे हार्ट अटैक आने का दावा

29

Visakhapatnam School Controversy: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां UKG के एक 6 साल के बच्चे को टीचर ने होमवर्क पूरा न करने पर इस कदर डांटा और मारा की डर से बच्चे की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक बच्चे को डर के मारे हार्ट अटैक आ गया और उसकी मौत हो गई.

इस घटना से राज्य में आक्रोश फैल गया है और बच्चे के परिवार व रिश्तेदारों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुवार को शहर के ‘वन टाउन’ इलाके में स्थित ‘लिटिल गार्डन्स स्कूल’ में हुई। मरने वाले छात्र की पहचान प्रणय तेजा के तौर पर हुई है, जो कृष्णा प्रसाद और साईं लक्ष्मी का बेटा था।

पुलिस का कहना है कि होमवर्क पूरा न करने पर टीचर ने कथित तौर पर प्रणय की शर्ट पकड़ी, डांटा और उसे थप्पड़ मारा। थप्पड़ लगने के तुरंत बाद प्रणय टीचर की गोद में गिर पड़ा और उसे किंग जॉर्ज हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बता दें कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और अब सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि टीचर बच्चे को डांट और थप्पड़ मार रही है. बच्चा डर रहा है और वह टीचर को न मारने की रिक्वेस्ट कर रहा है. वीडियो में दिख रहा है टीचर बच्चे को थप्पड़ मारती है जिसके बाद बच्चा टीचर की गोद में गिर जाता है.

पुलिस ने जांच शुरू की; शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

पुलिस ने अब इस घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या प्रणय को पहले से कोई बीमारी थी जिसकी वजह से उसकी मौत हुई। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भी भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चल पाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।

परिवार ने टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

टीचर और स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए परिवार ने इस बात से इनकार किया है कि प्रणय को पहले से कोई बीमारी थी। बच्चे के पिता कृष्णा ने कहा कि प्रणय बिल्कुल सामान्य बच्चा था और उसे कोई बीमारी नहीं थी।

उन्होंने बताया कि प्रणय गुरुवार को स्कूल नहीं जाना चाहता था, लेकिन मनाने पर मान गया। हालांकि, बाद में उन्हें घटना के बारे में फोन आया। कृष्णा ने कहा, “मैंने सीसीटीवी फुटेज देखा और पाया कि महिला टीचर ने उसे डांटा था। उसने उसे मारा और वह अचानक गिर पड़ा। बाद में डॉक्टरों ने बताया कि उसकी मौत हो गई है।”

उन्होंने कहा, “वह बिल्कुल सामान्य बच्चा था और उसे कोई समस्या नहीं थी। वह बुधवार शाम और गुरुवार सुबह बिल्कुल ठीक था। उसे कोई बीमारी भी नहीं थी।” उन्होंने महिला टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।