उत्तर प्रदेश के मथुरा में बड़ा हादसा; निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरने से 3 मज़दूरों की मौत

18

UP News: उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। कोतवाली वृंदावन थाना क्षेत्र स्थित रूकमणि विहार में बन रहे ओमेक्स मॉल ओमेक्लस मॉल की शटरिंग अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस दुखद घटना में तीन मज़दूरों की मौत हो गई, जबकि मलबे के नीचे कई और लोगों के दबे होने की आशंका है। इस हादसे के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी, फायर ब्रिगेड और आपदा राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस के मुताबिक, मॉल में 4-5 मजदूर नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे। इस मॉल की तीसरी मंज़िल पर शटरिंग का काम चल रहा था, इसी दौरान सुबह तड़के अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई और ये हादसा हो गया. मजदूर मलबे में दब गए। जिसके बाद घटना स्थल पर चीख पुकार मच गई.

मथुरा में हुए इस भयानक हादसे की खबर मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले मज़दूरों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने ज़िला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल सभी मज़दूरों को तुरंत और सबसे अच्छा इलाज मुहैया कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सख्त निर्देश दिए हैं कि वे मृतकों के परिवारों से संपर्क करें और उन्हें हर संभव मदद और आर्थिक सहायता प्रदान करें।