टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में एक्शन में पुलिस, राजस्थान के कोटा से तीन लोगों को हिरासत में लिया

13

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग में मामले में पुलिस ने तीन संदिग्ध लोगों को राजस्थान के कोटा से हिरासत में लिया गया है। इनमें से एक नाबालिग (17 साल) है। बाकी दो की पहचान 22 वर्षीय ऋतिक कुमार उर्फ ​​रोशन (जो मूल रूप से बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है) और 18 वर्षीय रेहान (जो हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है) के रूप में हुई है।

इन्हें राजस्थान पुलिस और एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ​​के एक संयुक्त अभियान के तहत कोटा रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया गया। पुलिस द्वारा पकड़े जाने से पहले, ये लोग संभवतः मुंबई से दिल्ली की यात्रा कर रहे थे।

सूत्रों ने बताया था कि हमला करने के बाद आरोपी गुजरात के सूरत की तरफ भाग गए होंगे। हमलावरो ने श्रॉफ की BMW कार पर सात राउंड फायरिंग की, जिनमें से पांच गोलियां गाड़ी को लगीं, जिससे ड्राइवर घायल हो गया।

हालांकि, हमलावरो की पिस्तौल जाम हो गई, जिसके बाद आरोपी एक बाइक पर सवार होकर भाग गए। इस बाइक को दिन में ही अंधेरी स्टेशन से जब्त किया गया था।

बता दे कि यह साफ नहीं है कि उन्होंने टाइगर पर हमला क्यों किया, लेकिन लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर एक वायरल पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पुलिस अब इन दावों की सच्चाई का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

बता दे कि रविवार शाम 7 बजे टाइगर की कार जुहू के पुष्पा पार्क पहुंची थी। टाइगर कार में फ्रंट सीट पर बैठे थे और ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान वहां शूटर्स ने फायरिंग शुरू कर दी। शूटर्स ने टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर 7 राउंड फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग के दौरान टाइगर का ड्राइवर गोली लगने से घायल हो गया। ड्राइवर के घायल होने के बाद गाड़ी चलाने की जिम्मेदारी टाइगर ने खुद संभाली। उन्होंने खुद गाड़ी का स्टेयरिंग संभाला। एक्टर घायल ड्राइवर को भी कार में लेकर खुद गाड़ी चलाते हुए अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने ड्राइवर को भर्ती कराया और अपने हाथ की ड्रेसिंग भी करवाई।

बता दे कि एक्टर हर रविवार करीब दो घंटे फुटबॉल खेलने के लिए पुष्पा नरसी पार्क आते हैं। ऐसे में पुलिस को शक है कि हमलावरों ने फायरिंग से पहले टाइगर श्रॉफ की रेकी की थी। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों को उनके इस रूटीन की जानकारी थी और वे पार्क के गेट के बाहर उनका इंतजार कर रहे थे। वे पुष्पा पार्क के पास लगभग 45 मिनट तक इंतजार करते रहे, जब तक कि श्रॉफ अपनी BMW कार में वहां नहीं पहुंच गए।

टाइगर जैसे ही फुटबॉल खेलकर जुहू के पुष्पा नरसी पार्क के पास पहुंचे, वहां भीड़ जमा हो गई . इसी दौरान बाइक पर सवार तीन लोग पहुंचे, उन्होंने गाड़ी की आगे की विंडशील्ड और साइड की खिड़की को निशाना बनाते हुए कुल सात राउंड फायरिंग की। इनमें से पांच गोलियां लगीं, जबकि दो निशाने से चूक गईं। घटना जुहू पुलिस स्टेशन से महज 350 मीटर दूर हुई।

पांचवीं गोली चलाने के बाद, हमलावर ने पैसेंजर-साइड की खिड़की से श्रॉफ पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पिस्तौल जाम हो जाने के कारण वह नाकाम रहा।

मुंबई पुलिस ने अलग-अलग रास्तों के CCTV फुटेज इकट्ठा किए हैं और उनकी जांच कर रही है। हमलावरों का पता लगाने के लिए 15 टीमें भी बनाई गई हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भरोसा दिलाया है कि इस घटना के पीछे जो लोग हैं, उन्हें ढूंढ निकाला जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने बताया कि आरोपी महाराष्ट्र के बाहर से, संभवतः विदेश से, काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस अन्य राज्यों के साथ तालमेल बिठाएगी और आरोपियों को पकड़ने के लिए केंद्रीय एजेंसियों से भी मदद लेगी।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया, “हम उनके हैंडलर्स को भी ढूंढ निकालेंगे, जो कहीं और छिपे रहते हैं और वहीं से निर्देश भेजते हैं। ये कायर लोग हैं जो छिपकर हमला करने की कोशिश करते हैं। इनकी कोशिशें नाकाम कर दी जाएंगी और इन्हें बख्शा नहीं जाएगा।”