Uttarakhand News: उत्तराखंड के ज़्यादातर ज़िलों में पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। आज सुबह नैनीताल और देहरादून में ज़ोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज कई ज़िलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए हैं। नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर ज़िलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। इसके अलावा, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और बागेश्वर ज़िलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
इन ज़िलों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही, अल्मोड़ा और चमोली ज़िलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जहाँ कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। राज्य के ज़्यादातर ज़िलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफ़ान और तेज़ हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को नदियों और नालों के पास न जाने, भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की आशंका वाले इलाकों में सतर्क रहने और ज़रूरी न होने पर यात्रा न करने की सलाह दी है। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच, हरिद्वार में बिजली गिरने से दो किसानों की मौत हो गई। यह घटना शनिवार को हुई जब दोनों किसान अपने-अपने खेतों में काम कर रहे थे। मृतकों की पहचान डालूवाला मजबाता के रहने वाले नागिन (53) और खाला तीरा के रहने वाले रणधीर सिंह (42) के तौर पर हुई है।


















