जम्मू के पुंछ और किश्तवाड़ में बादल फटने की घटना, 8 लोगों की मौत, कई लापता

8

जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले में भारी बारिश के बाद, शनिवार रात करीब 3 बजे अचानक बाढ़ आ गई। धरहल नदी का जलस्तर बढ़ गया है और ‘न्यू बस स्टैंड बेला’ इलाका पानी में डूब गया है। इस दौरान करीब 200 से 250 गाड़ियां पानी में बह गईं।

वहीं, पूंछ में रात भर हुई भारी बारिश के कारण आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लापता हैं। एक अलग घटना में, किश्तवाड़ ज़िले के दच्छन इलाके के सुरनू में बादल फटने से घरों और खेतों को नुकसान पहुंचा है।

देश में दूसरी बार मानसून के सक्रिय होने से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। रविवार के लिए उत्तराखंड, सिक्किम और बंगाल में भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ भी जारी किया गया है।

उत्तराखंड में भूस्खलन के कारण शनिवार को केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चर की सेवाएं रोक दी गईं और कैलाश-मानसरोवर यात्रियों के एक जत्थे को भी रोक दिया गया।