पंजाब में अब मानसून के धीमे पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जबकि बठिंडा 37 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। श्री आनंदपुर साहिब में 46.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश होने की संभावना है।
इसके बाद, मंगलवार से मानसून कमजोर पड़ जाएगा और ज़्यादातर जिलों में मौसम के शुष्क रहने की उम्मीद है। 26 और 27 अगस्त को केवल उत्तरी और पूर्वी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल राज्य के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
रविवार को पंजाब में औसत अधिकतम तापमान में शनिवार की तुलना में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई। बठिंडा 37.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34.1, पटियाला में 34.7, अमृतसर में 34.3 और लुधियाना में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोमवार को तीन जिलों में भारी बारिश
24 अगस्त: पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर के 50 से 75 प्रतिशत इलाके में बारिश होने की संभावना है। अमृतसर, लुधियाना और पटियाला सहित मध्य और पूर्वी जिलों के 25 से 50 प्रतिशत इलाके में हल्की बारिश की उम्मीद है। बठिंडा और फाजिल्का सहित पश्चिमी जिलों में छिटपुट बारिश की उम्मीद है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
25 अगस्त: मानसून की गतिविधि कमजोर हो जाएगी। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली के 25 प्रतिशत या उससे कम इलाके में छिटपुट बारिश की उम्मीद है। बाकी पंजाब में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
26 अगस्त: मौसम मंगलवार जैसा ही रहने की उम्मीद है। उत्तरी और पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि बाकी इलाके में मौसम साफ और शुष्क रहेगा।
27 अगस्त: पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में कहीं-कहीं बारिश होने की उम्मीद है। राज्य के ज़्यादातर मध्य और दक्षिणी हिस्से शुष्क रहेंगे।

























