Punjab Band : आज पंजाब बंद, 9 ज़िलों में हड़ताल का असर; जानें क्या-क्या खुला रहेगा

17

Punjab Band : बरनाला में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस की लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समुदाय ने आज (30 जुलाई) फिर से ‘पंजाब बंद’ का आह्वान किया है। समुदाय ने बाजार, स्कूल, कॉलेज, मॉल और अन्य संस्थानों को बंद रखने की अपील की है।

पंजाब बंद का असर कहां-कहां होगा?

लुधियाना, बठिंडा, होशियारपुर, फाजिल्का, कपूरथला, अमृतसर, पटियाला, पठानकोट और गुरदासपुर के विभिन्न संगठनों ने इस बंद को अपना समर्थन दिया है। हालांकि, जालंधर में कोई बंद नहीं होगा; वहां केवल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

यूनियन नेताओं का दावा है कि इस कार्रवाई के दौरान कई सफाई कर्मचारी घायल हो गए और उनके सिर में चोटें आईं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि महिला सफाई कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने बरनाला के डीएसपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

बुधवार को अमृतसर में वाल्मीकि समुदाय के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के पुतले तैयार किए और उन्हें महिलाओं के कपड़े पहनाए। वहीं, लुधियाना में बीजेपी नेता और दलित समुदाय के प्रतिनिधि यशपाल चौधरी ने कहा कि गुरुवार को बंद का आह्वान किया गया है। बाजार सुबह से शाम 4 बजे तक शांतिपूर्वक बंद रहेंगे। हमें जनता का समर्थन मिल रहा है और हम सभी से इस बंद में सहयोग करने की अपील करते हैं।

जालंधर में कोई बंद नहीं

जालंधर के विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि हालांकि कुछ समूह ‘पंजाब बंद’ की खबर फैला रहे हैं, लेकिन जालंधर के लोगों ने 27 जुलाई को बुलाए गए बंद का पहले ही समर्थन कर दिया है। इसलिए, 30 जुलाई को जालंधर में कोई बंद नहीं बुलाया जाएगा।

बता दे कि बंद के दौरान अस्पताल, एम्बुलेंस सेवाएँ और मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे ताकि लोगों को ज़रूरी सेवाएँ पाने में कोई परेशानी न हो।