चंडीगढ़, 28 मई:
पंजाब की राजनीति में इस समय एक बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी हाईकमान ने उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है।
केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब में भाजपा का प्रमुख सिख चेहरा माना जाता है। उनके नेतृत्व में पार्टी अब आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटेगी। नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को पंजाब में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और सिख समुदाय के बीच पकड़ मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव होंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पंजाब में सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी। ढिल्लों ने कहा कि जो लोग यह मानते हैं कि पंजाब में भाजपा कमजोर है या आगामी चुनावों में पार्टी सिर्फ एक-दो सीटों तक सीमित रह जाएगी, उन्हें 2027 में पार्टी का प्रदर्शन देखकर बड़ा आश्चर्य होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में मजबूती के साथ उभरेगी और पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट कर जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत किया जाएगा। ढिल्लों ने यह भी कहा कि पंजाब के विकास, युवाओं के भविष्य, किसानों और उद्योगों के मुद्दों को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति से पंजाब बीजेपी को नई ऊर्जा मिल सकती है। अब देखना होगा कि उनके नेतृत्व में भाजपा राज्य की राजनीति में कितना प्रभाव छोड़ पाती है।



















