करनाल में बड़ा हादसा: हाईटेंशन तारों की चपेट में आया श्रद्धालुओं से भरा कैंटर, 1 की मौत, 15 घायल

20

करनाल: हरियाणा के करनाल ज़िले के घरौंडा शहर स्थित तेलु सिंह कॉलोनी में देर रात एक दुखद हादसा हुआ। यहां एक कैंटर 11000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली की तारों की चपेट में आ गया. कैंटर में 40 से 50 श्रद्धालु सवार थे। हाई-वोल्टेज तार के संपर्क में आते ही कैंटर में आग लग गई। इस हादसे में लगभग दो दर्जन महिला व पुरुष श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं एक व्यक्ति की मौत हो गई.

मिली जानकारी के अनुसार, कैंटर में सवार लोग राजस्थान के बागड़ धाम जा रहे थे। इस हादसे में घर से बाहर निकले एक व्यक्ति की भी करंट लगने से मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे कई श्रद्धालुओं को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ झुलसे लोगों को सरकारी अस्पताल में भी भर्ती किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घरौंडा से लगभग 40 से 50 श्रद्धालु एक कैंटर में राजस्थान के बागड़ धाम की धार्मिक यात्रा पर निकले थे। कैंटर में श्रद्धालुओं के साथ खाने-पीने का सामान भी रखा हुआ था। इसके अलावा, कैंटर में गैस सिलेंडर भी रखे थे, जिनका इस्तेमाल यात्रा के दौरान खाना पकाने के लिए किया जाना था।

बताया जा रहा है कि कैंटर को शहर के वार्ड नंबर 15 में स्थित एक गंदे नाले के पास खड़ा किया गया था। इसी दौरान, कैंटर के ऊपर से गुज़र रहा हाई-टेंशन बिजली का तार उसके संपर्क में आ गया। जैसे ही तार कैंटर को छुआ, उसमें ज़ोरदार करंट दौड़ गया। तुरंत ही कैंटर में सवार श्रद्धालुओं को करंट लग गया और कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।