Influencer Manjeet Kaur Death Case: पंजाबी इंफ्लुएंसर मंजीत कौर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, मौत के वक्त 7 हफ्ते की गर्भवती थी

20

Influencer Manjeet Kaur Death Case : चंडीगढ़: पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर की 26 अगस्त को अस्पताल में इलाज के दौरान को मौत हो गई थी. आरोप है क‍ि मंजीत को पेड़ से बांधकर जला दिया गया था. वहीं इस मामले में अब चौंकाने वाला खुलासा है. ऑटोप्सी रिपोर्ट के मुताबिक, मंजीत कौर लगभग सात हफ़्ते की गर्भवती थीं। उन्हें कथित तौर पर चंडीगढ़ से अगवा करके मोरिंडा में आग के हवाले कर दिया गया था, जिसके बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

बता दे कि बुरी तरह जलने के लगभग दो महीने बाद, 26 अगस्त को चंडीगढ़ के पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) में इलाज के दौरान 28 वर्षीय मंजीत कौर की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार पुलिस अब दो संदिग्धों, जिनकी पहचान FIR में शुभी और पिंडा के तौर पर हुई है, का पता लगाने और उन्हें गिरफ़्तार करने की कोशिश कर रही है। मंजीत कौर की माँ कांता देवी की शिकायत के बाद उन पर अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

मंजीत की मां की शिकायत के अनुसार, शुभी और पिंडा, जो मंजीत कौर के परिचित थे, ने उसे 3 और 4 जुलाई की दरमियानी रात चंडीगढ़ के सेक्टर 34 में बुलाया था।

आरोप है कि उन्होंने उसके साथ मारपीट की, उसे ज़बरदस्ती गाड़ी में बिठाया और मोरिंडा के पास एक जंगल वाले इलाके में ले गए, जहाँ उसे कथित तौर पर एक पेड़ से बांधकर आग लगा दी।

पुलिस ने बताया कि बाद में मौके पर पहुँचे एक और परिचित ने कंबल की मदद से आग बुझाई।

मंजीत कौर को पहले मोरिंडा के एक अस्पताल ले जाया गया और फिर मोहाली के मैक्स अस्पताल में शिफ्ट किया गया। बाद में उन्हें PGIMER में भर्ती कराया गया, जहाँ मौत होने तक उनका इलाज चलता रहा। मंजीत मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को 5 अगस्त को होश आ गया था, लेकिन मोहाली की खरड़ पुलिस को उसका बयान दर्ज करने के लिए सूचना देने के बावजूद पुलिस नहीं आई.

इस मामले ने मंजीत कौर का बयान दर्ज करने में हुई कथित देरी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इलाज के दौरान मंजीत कौर को होश आ गया और उन्होंने अपना बयान दर्ज कराने की इच्छा जताई। खबर है कि PGIMER पुलिस पोस्ट ने खरड़ सदर पुलिस को सूचित किया कि वह होश में हैं और बयान देने की हालत में हैं।

सूत्रों का कहना है कि यह जानकारी जांच अधिकारी को भी दी गई थी, लेकिन आरोप है कि वह अस्पताल नहीं पहुंचे।

खबर है कि इस बातचीत के बारे में PGIMER पुलिस पोस्ट में एक डेली डायरी रिपोर्ट (DDR) दर्ज की गई थी।

26 अगस्त को मंजीत कौर की मौत के बाद, PGIMER पुलिस पोस्ट ने फिर से खरड़ सदर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जांच अधिकारी अस्पताल पहुंचे।

बाद में मंजीत कौर की मां को सेक्टर 34 पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उनका बयान दर्ज किया गया और बुधवार रात FIR दर्ज की गई।

पुलिस अब मंजीत कौर के कथित अपहरण और मौत से जुड़ी परिस्थितियों के साथ-साथ हमले से पहले हुई घटनाओं की भी जांच कर रही है।