गुजरात : पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, 12 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया, 2 साल बाद हुआ खुलासा

19

Gujarat: गुजरात के जामनगर से एक दिल दहला देनेवाला मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. यहां एक पत्नी ने अपने पूर्व प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी और हत्या के बाद शव को 12 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया. शव 2 साल तक जमीन के नीचे दबा रहा और किसी को इस बात का शक नहीं हुआ।

परिवार वाले के पूछने पर पत्नी सबको यही बताती रही कि उसका पति काम के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया गया है। हालाँकि, जब दो साल बाद यह मामला सामने आया है, तो सब हैरान रह गए। पुलिस ने आरोपी पत्नी पृथ्वी, उसके प्रेमी नीलेश कछटिया और उसके साथी बलवीर वर्मा के खिलाफ़ हत्या, सबूत मिटाने और अन्य आरोपों में FIR दर्ज की और बाद में उन्हें गिरफ़्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मृतक जिग्नेश मावडिया ने पृथ्वी से प्रेम विवाह किया था। पुलिस के मुताबिक, पृथ्वीबहन उर्फ भूमिबहन पहले निलेश नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध में थी. बाद में उसका रिश्ता टूट गया और उसने जिग्नेश मावदिया से प्रेम विवाह कर लिया.

पुलिस के अनुसार करीब 8 साल पहले दोनों ने शादी की . उसका परिवार इस शादी से खुश नहीं था, जिसके कारण वह घर छोड़कर अपनी पत्नी के साथ अलग रहने लगा था। परिवार की मर्ज़ी के खिलाफ़ शादी करने की वजह से उसके परिवार और रिश्तेदारों ने उससे सारे रिश्ते तोड़ लिए थे। हालाँकि, उसका चचेरा भाई जिग्नेश से छिपकर बात करता रहता था। अचानक जब जिग्नेश ने लंबे समय तक अपने चचेरे भाई से बात नहीं की तो उसे शक हुआ और उसने अपनी भाभी पृथ्वी से पूछा। पृथ्वी ने उसे बताया कि जिग्नेश ऑस्ट्रेलिया चला गया है और दावा किया कि उसके पास जिग्नेश का नंबर नहीं है। करीब दो साल तक परिवार इसी बात पर यकीन करता रहा.

यह मामला तब सामने आया जब जिग्नेश का एक चचेरा भाई, जो ऑस्ट्रेलिया जा रहा था, उसने पृथ्वी से अपने भाई का कॉन्टैक्ट नंबर मांगा ताकि वह ऑस्ट्रेलिया में उससे मिल सके। पृथ्वी ने उसे बताया कि उसके पास जिग्नेश का नंबर या पता नहीं है। इससे चचेरे भाई के मन में शक पैदा हुआ। आखिरकार, कोई और रास्ता न होने पर परिवार ने 26 जुलाई को पुलिस से संपर्क किया जिग्नेश के भाई ने ‘सिटी बी’ डिवीज़न पुलिस स्टेशन में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई और शक जताया कि इसके पीछे जिग्नेश की पत्नी का हाथ हो सकता है। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले और पूछताछ में कथित तौर पर पूरा मामला सामने आया.

पुलिस ने जामनगर के डेरेड क्षेत्र स्थित शिवम पार्क इलाके में खुदाई करवाई. करीब 10 से 12 घंटे की मशक्कत के बाद 12 फीट गहराई से मानव कंकाल के अवशेष बरामद किए गए, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.

पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी पृथ्वीबहन उर्फ भूमिबहन, उसके पूर्व प्रेमी निलेश मनसुखभाई कछटिया और उसके दोस्त बलवीर देवराम वर्मा को गिरफ्तार किया है. तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. पुलिस ने 7 दिन की रिमांड मांगी थी, जबकि अदालत ने 4 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है. फिलहाल. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

हत्या के तीन दिन पहले खोदी गई थी 12 फीट गहरी की कब्र

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या से तीन दिन पहले ही एक फैक्ट्री का प्लॉट किराये पर लिया गया. वहां यह कहकर करीब 12 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया कि भारी मशीनरी लगानी है. पुलिस के मुताबिक, उसी गड्ढे को बाद में शव दफनाने के लिए इस्तेमाल किया गया.

पुलिस ने बताया कि 31 मई 2024 की रात जिग्नेश को फैक्ट्री परिसर में बुलाया गया. आरोप है कि वहां उसे जहरीला पदार्थ दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया गया और पूरी घटना को छिपा दिया गया.