Assam Flood: असम में बाढ़ का कहर जारी, मरने वालों की संख्या बढ़कर 80 हुई

20

Assam Flood: असम में बाढ़ का कहर अभी भी जारी है. गुरुवार को भी स्थिति गंभीर बनी रही। बाढ़ के प्रकोप से दो और लोगों की मौत हो गई है, जिससे मरने वालों की कुल संख्या 80 हो गई है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की ओर से बृहस्पतिवार शाम जारी बुलेटिन में बताया गया कि पिछले 24 घंटे में बाढ़ के कारण दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि चार जिलों में अभी भी 2.12 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

अधिकारियों ने बताया कि शिवसागर ज़िले में दो और लोगों की मौत हो गई, जिससे इस साल की विनाशकारी बाढ़ में मरने वालों की संख्या 80 हो गई है।

बाढ़ से गोलाघाट, शिवसागर, विश्वनाथ, चराइदेव, कामरूप (मेट्रोपॉलिटन), जोरहाट, धेमाजी और नागांव ज़िलों में कुल 21 राजस्व डिवीज़न और 437 गाँव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से 2,12,400 लोग प्रभावित हुए हैं। चराइदेव ज़िला सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ है, जहाँ लगभग 80,000 लोग प्रभावित हुए हैं। शिवसागर में 71,000 और जोरहाट में 40,000 लोग बाढ़ की तबाही का सामना कर रहे हैं।

हालाँकि, बुधवार की तुलना में स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है। प्रशासन चार ज़िलों में 112 राहत कैंप और राहत वितरण केंद्र चला रहा है, जहाँ अभी 75,583 प्रभावित लोग शरण लिए हुए हैं। भारतीय सेना, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF), फायर और इमरजेंसी सर्विस, पुलिस और सिविल एजेंसियाँ राहत और बचाव कार्यों में लगी हुई हैं।