दिल्ली में इमारत गिरने की घटना: ABVP ने MCD कमिश्नर के इस्तीफ़े की मांग की

33

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की दर्दनाक घटना के बाद अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है. इमारत गिरने की इस दर्दनाक घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने MCD कमिश्नर के इस्तीफ़े की मांग की; साथ ही, विरोध प्रदर्शन के दौरान संगठन के सदस्यों ने कथित तौर पर सिविक सेंटर में तोड़-फोड़ भी की।

पुलिस के अनुसार, रविवार को लगभग 150 से 200 ABVP सदस्य सिविक सेंटर स्थित MCD मुख्यालय के बाहर जमा हुए थे। वे इमारत गिरने की घटना के बाद सिविक बॉडी के कामकाज के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शनकारियों ने इस घटना के लिए नगर निकाय को जिम्मेदार ठहराते हुए MCD कमिश्नर के इस्तीफ़े की मांग की।

बता दे कि इमारत गिरने की इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारी गेट नंबर 5 से सिविक सेंटर में दाखिल हुए और मुख्य इमारत के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने नारे लगाए और MCD से जवाबदेही की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान, कुछ प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर MCD ऑफिस के कुछ हिस्सों में तोड़-फोड़ की और मुख्य सिविक सेंटर बिल्डिंग में जबरन घुसने की कोशिश की।