बिहार के बक्सर में गुरुवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार हवा में करीब 20 फीट ऊपर उछल गई और जाकर एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई।
मृतकों की पहचान इरफान अंसारी (25), अरबाज अंसारी (20) और बादल कुमार (30) के रूप में हुई है; ये सभी उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भटौरा गांव के रहने वाले थे। ये तीनों कार में सवार थे। मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति की पहचान अरुण कुमार (22) के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दो अन्य लोगों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ले जाया जा रहा था, लेकिन वे रास्ते में ही दम तोड़ दिए। इनकी पहचान शुभम कुमार (21) और शिवम कुमार (18) के रूप में हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार में सवार लोग उत्तर प्रदेश के एक गांव से बिहार के बिशनपुर गांव की ओर एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। NH-319A पर सोनपा गांव के पास कार ने पीछे से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
यह हादसा तब हुआ जब मोटरसाइकिल सवार लोग अपने एक रिश्तेदार के घर से निकले ही थे। चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार हवा में करीब 20 फीट ऊपर उछल गई और एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


























