चंडीगढ़ के सेक्टर 22 में गोलीबारी की एक घटना सामने आई है, जिसमें एक नाबालिग की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान नैतिक के रूप में हुई है।
यह घटना गुरुवार रात सेक्टर 22 स्थित सनातन धर्म मंदिर के सामने हुई। नैतिक अपने एक दोस्त के साथ ऑटो-रिक्शा में सेक्टर 34 से घर लौट रहा था। तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन नाबालिग हमलावरों ने ऑटो-रिक्शा का पीछा करने लगे और नैतिक पर गोली चला दी. हमलावरो ने ऑटो-रिक्शा पर तीन गोलियां चलाईं। एक गोली ऑटो-रिक्शा चालक सिकंदर पासवान के कंधे को छूती हुई विंडशील्ड से आर-पार हो गई, जबकि दूसरी गोली नैतिक के सीने में जा लगी।
गंभीर हालत में नैतिक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसका दोस्त इस हमले में बाल-बाल बच गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान 17 साल के नाबालिग के रूप में की है।
ऑपरेशन सेल’ ने डैशकैम फुटेज और चश्मदीदों के बयानों की मदद से उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपी के पास से .32 बोर की पिस्तौल बरामद की है। घायल ऑटो-रिक्शा चालक सिकंदर पासवान का GMSH-16 में इलाज चल रहा है। नैतिक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक ही स्कूल में पढ़ने वाले दो गुटों के बीच देर रात सेक्टर 34 में झगड़ा हुआ था। जिसके बाद ये गोलीबारी की घटना सामने आई.
SHO सुदेश कुमार के अनुसार, “दो लड़कों और ऑटो-रिक्शा चालक को गोली लग गई। ऑटो-रिक्शा चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
SHO ने कहा कि ऐसा लगता है कि इन लड़कों के बीच काफी पुरानी रंजिश थी, जो उनके स्कूली दिनों से चली आ रही है। हमें पता चला है कि आज सेक्टर 34 में दोस्तों के एक समूह के बीच विवाद हो गया था… जिस लड़के की मौत हुई है वह नाबालिग था और हमलावर भी लगभग उसी उम्र का है… CFSL की टीम आ गई है, इसलिए अभी कुछ और कहना जल्दबाजी होगी; जांच अभी शुरुआती दौर में है।”
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नैतिक सेक्टर 32 के SD स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। इससे पहले वह सेंट जोसेफ स्कूल में पढ़ता था, जहां सौरव के साथ उसकी पुरानी रंजिश थी। दोनों के बीच अक्सर बहस होती थी और वे एक-दूसरे के वीडियो रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर वायरल कर देते थे। जब विवाद बढ़ गया, तो नैतिक के परिवार ने उसका स्कूल बदलवा दिया। यह भी सामने आया है कि इस विवाद में एक छात्रा भी शामिल हो सकती है। पुलिस फिलहाल इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


























