नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या की जांच CBI को सौंपी जाएगी: सीएम मान का बड़ा ऐलान

7

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपेगी। मुख्यमंत्री ने झोटा के परिवार के प्रति अपनी संवेदना और समर्थन भी जताया।

सीएम मान ने ‘X’ पर पंजाबी भाषा में लिखा, “हम परविंदर सिंह झोटा के पिता और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। परिवार की मांग को मानते हुए, हम यह मामला CBI को सौंप रहे हैं। नशा तस्करों के खिलाफ हमारी लड़ाई पूरी ताकत से जारी है। पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के लिए हमें जो भी कड़े कदम उठाने पड़े, हम पीछे नहीं हटेंगे।”

झोटा का परिवार हत्या के मामले में CBI जांच की मांग कर रहा

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब झोटा का परिवार हत्या के मामले में CBI जांच की मांग कर रहा है। केमिस्ट की दुकानों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए पहचाने जाने वाले झोटा को 13 अक्टूबर को मानसा में एक मेडिकल स्टोर के अंदर दिनदहाड़े गोली मार दी गई थी।

स्टोर के मालिक अश्वनी कुमार को राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया गया है। उसने झोटा पर तब गोली चलाई थी, जब झोटा ने उससे एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीली दवाएं बेचने के बारे में सवाल किया था। यह घटना उस समय हुई जब झोटा फेसबुक लाइव कर रहे थे। इस घटना ने पंजाब में राजनीतिक घमासान छेड़ दिया है, जहां अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं।

झोटा का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार अभी होना बाकी

बता दे कि झोटा की गोली मारकर हत्या किए जाने के सात दिन बाद भी, उसका पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है, क्योंकि उसके परिवार वाले और समर्थक न्याय मिलने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहे हैं। उसकी हत्या के समय से ही, झोटा के परिवार वाले और समर्थक मानसा में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

बता दे कि झोटा की हत्या के बाद कई संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को मिलाकर एक संयुक्त कार्य समिति बनाई गई है, जो इस मामले की CBI जांच की मांग कर रही है।

वहीं प्रदर्शनकारियों ने सीएम मान और पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के इस्तीफे की मांग की है। साथ ही, उन्होंने मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और ड्रग इंस्पेक्टर को बर्खास्त करने की भी मांग की है। नशीले पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, सीएम मान ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।