टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: एक और व्यक्ति सोनीपत से हिरासत में, शक के आधार पर समीर नाम के व्यक्ति से होगी पूछताछ

32

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में मंगलवार को एक और व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। हरियाणा की सोनीपत पुलिस ने समीर नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उसे पूछताछ के लिए शक के आधार पर हिरासत में रखा गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, समीर पहले भी ‘आर्म्स एक्ट’ (हथियार कानून) से जुड़े एक मामले में रेहान के साथ शामिल रह चुका है—वही रेहान, जिस पर टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने का आरोप है।

मुंबई पुलिस को भी इस मामले की जानकारी है, हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। फिलहाल, जांच में केवल हरियाणा पुलिस की स्थानीय इकाई शामिल है। जैसा कि मुंबई पुलिस पहले ही स्पष्ट कर चुकी है, जब तक इस मामले में किसी औपचारिक गिरफ्तारी की घोषणा नहीं हो जाती, तब तक कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।

इससे पहले मुंबई पुलिस ने सोमवार को बताया कि टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में पकड़े गए तीनों आरोपियों में से कोई भी नाबालिग नहीं है। मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, डीसीपी राज तिलक रोशन ने कहा कि आरोपियों में से एक की उम्र 18 साल है, जबकि बाकी दो की उम्र 22 साल है।

उन्होंने कहा, “हमारे पास अभी तीन आरोपी हैं। इनमें से दो हरियाणा से हैं और एक बिहार से है। इस मामले में कोई भी आरोपी नाबालिग नहीं है। एक की उम्र 18 साल है और बाकी दो की उम्र 22 साल है।”

टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच से छह राउंड फायरिंग

डीसीपी ने आगे बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन हमलावरों में से दो ने टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच से छह राउंड गोलियां चलाई थीं।

गौर हो कि रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर पर फायरिंग हुई। बताया जा रहा है कि जब अभिनेता अपने साथियों के साथ फुटबॉल खेलकर निकले, तो हमलावरों ने पुष्पा पार्क में टाइगर की कार पर गोलियां चला दी । हालांकि, टाइगर श्रॉफ को सीधे गोली नहीं लगी, लेकिन उनके ड्राइवर को चोटें आईं।

बाद में, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली, हालांकि इस पोस्ट की पुष्टि नहीं हुई है।