UPI पेमेंट पर 0.4% चार्ज दिवाली तक टला; त्योहारी सीजन को देखते हुए NPCI ने लिया फैसला, 15 अक्टूबर से होना था लागू

7

UPI पेमेंट पर लगने वाले MDR चार्ज को दिवाली तक टाल दिया गया है। इसे पहले 15 अक्टूबर से लागू किया जाना था। इसमें दुकानदार को ₹2,000 से ज्यादा का UPI पेमेंट करने पर 0.4% चार्ज लगना था। आम लोगों के बीच ट्रांजैक्शन पहले की तरह फ्री रहेगा।

नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ़ इंडिया (NPCI) ने त्योहारी सीजन को देखते हुए इसे टालने का फैसला लिया है। NPCI ने घोषणा की है कि वह दिवाली के तुरंत बाद ही UPI ट्रांज़ैक्शन पर MDR लागू करेगा, लेकिन अभी तारीख नहीं बताई है।

NPCI ने X पर एक पोस्ट में कहा, “UPI और सर्विसेज़ स्टीयरिंग कमिटी ने आज फ़ैसला किया है कि त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए, चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) UPI ट्रांज़ैक्शन पर MDR दिवाली के ठीक बाद लागू किया जाएगा, जिसकी तारीख़ अलग से बताई जाएगी।”

इससे पहले, खबरों में कहा गया था कि UPI पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू करने को 15 अक्टूबर से टालकर 1 जनवरी करने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा था। ये खबरें तब आईं जब इकोनॉमिक थिंक टैंक GTRI ने कहा कि सरकार को प्रस्तावित UPI चार्ज वापस ले लेने चाहिए और मर्चेंट और ग्राहकों के लिए डिजिटल पेमेंट सिस्टम को फ्री रखना चाहिए।

सरकार के MDR प्रपोजल की 3 बड़ी बातें..

  • अगर ग्राहक दुकानदार को ₹2,000 से ज्यादा का UPI पेमेंट करता है, तो दुकानदार को कुल रकम पर 0.4% का MDR चार्ज देना होगा।
  • अगर ग्राहक ₹75,000 या उससे ज्यादा का बड़ा पेमेंट करता है, तो प्रतिशत के बजाय अधिकतम ₹300 का फ्लैट चार्ज लागू होगा।
  • अगर ग्राहक रेलवे, टेलीकॉम, इंश्योरेंस या फ्यूल पर ₹2,000 से ज्यादा का पेमेंट करता है, तो प्रति ट्रांजैक्शन ₹5 का फ्लैट चार्ज लगेगा।