नई दिल्ली: भारतीय वायु सेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने एयरफोर्स से रिटायरमेंट ले लिया है। उन्होंने गोवा की प्राइवेट एयरलाइन फ्लाई-91 जॉइन कर ली है। एजेंसी PTI के मुताबिक, उन्होंने 31 मार्च 2026 को वायुसेना छोड़ी और अगस्त में प्राइवेट एयरलाइन जॉइन की। करीब दो दशक की सर्विस के बाद अब वे कॉमर्शियल यात्री विमान के पायलट होंगे।
पाकिस्तान के F-16 को मार गिराया
अभिनंदन वर्तमान 2019 में पाकिस्तान के साथ हवाई मुठभेड़ के बाद चर्चा में आए थे। वर्तमान ने 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तानी के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। वे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में उतरे थे जहां PoK में पाकिस्तानी फौज ने उन्हें पकड़ लिया था और हिरासत में रखा था। भारत के जबर्दस्त दबाव के चलते करीब 60 घंटे बाद, 1 मार्च 2019 को अटारी बॉर्डर के जरिए उनकी वापसी हुई थी।
अभिनंदन को ‘वीर चक्र’ से सम्मानित
2021 में अभिनंदन को ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया गया, जो युद्ध के समय वीरता के लिए भारत का तीसरा सबसे बड़ा सम्मान है। सम्मान के प्रशस्ति पत्र में कहा गया कि उन्हें हवाई लड़ाई के दौरान “कर्तव्य के प्रति असाधारण निष्ठा” दिखाने के लिए यह सम्मान दिया गया।
अभिनंदन वर्तमान गोवा स्थित एयरलाइन FLY91 में हुए शामिल
FLY91 के एक प्रवक्ता ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि कर्मचारियों की निजी जानकारी एक निजी मामला है। एयरलाइन में वर्तमान की भूमिका के बारे में अभी और जानकारी उपलब्ध नहीं है। गोवा स्थित FLY91 ने मार्च 2024 में अपना कामकाज शुरू किया था। फिलहाल इसके बेड़े में छह ATR 72-600 विमान हैं। इसके गोवा और हैदराबाद में दो ऑपरेटिंग बेस हैं।























