बिहार के अशोक धाम मंदिर से दुखद खबर सामने आई है। लखीसराय जिले में स्थित ऐतिहासिक अशोक धाम मंदिर में सोमवार सुबह भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई। साथ ही, भीड़ में दबने से कई लोग घायल भी हो गए। जानकारी के अनुसार, यहां बिजली के पोल में करंट की अफवाह फैलने के बाद भगदड़ मच गई।
बताया जा रहा है कि सावन महीने का तीसरा सोमवार होने के कारण मंदिर में पहले से ही भीड़ थी, मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्दालु पहुंचे थे। लेकिन अचानक सुबह भगदड़ मच गई और यह हादसा हो गया।
सुबह 6 बजे से ही लाइनें लग गई थीं
लखीसराय के ज़िला मजिस्ट्रेट शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ बढ़ रही थी। मैं खुद सुबह 3 बजे से वहाँ मौजूद था। स्टेशन पर एक ही समय में दो ट्रेनें आईं, जिससे मंदिर आने वाले भक्तों की संख्या तेज़ी से बढ़ गई। सुबह 6:30 बजे के बाद भीड़ तेज़ी से बढ़ती गई। इसी दौरान बिजली के पोल में करंट की अफवाह फैली और भगदड़ मच गई और एक के ऊपर एक श्रद्धालु गिरते चले गए। मौके पर मौजूद लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया और बाहर खड़ी एम्बुलेंस उन्हें अस्पताल ले गईं।
सावन का तीसरा सोमवार
दरअसल, सावन का तीसरा सोमवार होने के कारण, बड़ी संख्या में भक्त सुबह-सुबह जलाभिषेक करने के लिए अशोक धाम मंदिर पहुँचे थे। इनमें से ज़्यादातर महिलाएँ थीं। लखीसराय के ज़िला मजिस्ट्रेट ने कहा कि मंदिर प्रशासन ने इंतज़ाम किए थे, लेकिन भीड़ तेज़ी से बढ़ रही थी। घटना की जानकारी मिलने पर ज़िला प्रशासन के अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुँची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को मंदिर से बाहर निकालने के लिए तुरंत प्रयास किए गए।
SDPO शिवम कुमार ने बताया कि लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मचने से सात लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बिजली का एक खंभा गिर गया और लोगों को बिजली का झटका लगा, जिससे भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। पूरी जाँच के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीएम सम्राट चौधरी ने हादसे पर दुख जताया
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

























