अमेरिका: अमेरिका के जॉर्जिया में एक हाई स्कूल में हुई गोलीबारी में एक छात्र घायल हो गया और घटना के बाद फरार हुए एक संदिग्ध किशोर को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
वॉरनर रॉबिन्स हाई स्कूल में दोपहर 2:15 बजे नौवीं कक्षा के दो छात्रों के बीच गोलीबारी हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वॉर्नर रॉबिन्स, अटलांटा से लगभग 164 मील दक्षिण-पूर्व में स्थित है।
शेरिफ मैट मोल्टन ने शाम को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि स्कूल के शैचालय के अंदर छात्रों का एक समूह मौजूद था, तभी दो छात्रों के बीच हुई बहस हिंसक हो गई और उनमें से एक छात्र ने गोली चला दी।
स्कूल रिसोर्स ऑफिसर तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को प्राथमिक उपचार दिया। शेरिफ ने बताया कि इसके बाद घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने छात्र को लगी चोटों की गंभीरता के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया कि स्कूल में मेटल डिटेक्टर लगे हैं या नहीं। मौल्टन ने कहा कि जांच अभी जारी है और उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों के जवाब देने से इनकार कर दिया। मौल्टन ने कहा कि एक घंटे बाद, संदिग्ध को स्कूल से लगभग 800 मीटर दूर से पकड़ लिया।

























