Parliament Monsoon Session 2026 End Today News In Hindi: मानसून सत्र के आखिरी दिन, यानी आज, लोकसभा की कार्यवाही सिर्फ़ एक मिनट तक चली। उसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया.
स्पीकर ओम बिरला की अगुवाई में मानसून सत्र के आखिरी दिन ‘वंदे मातरम’ गाया गया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत पूरी कैबिनेट मौजूद थी।
आज भी संसद परिसर के अंदर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया। 20 जुलाई को सत्र शुरू होने के बाद से ही विपक्ष NEET पेपर लीक और छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर लगातार हंगामा कर रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को स्पीकर को पत्र लिखकर संसद में जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन पर चर्चा करने का प्रस्ताव दिया था। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष शाह का कोई “भाषण” नहीं सुनना चाहता और उन्हें सबसे पहले यह बताना चाहिए कि छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया था।
मानसून सत्र में कितने बिल पास?
विपक्ष के हंगामे के बावजूद सरकार कुछ हद तक बिल पास करवाने में कामयाब रही। इस मॉनसून सत्र में-
- परीक्षाओ में धांधली रोकने वाला एंटी पेपर लीक बिल
- केरल का नाम बदलकर केरलम करने वाला बिल
- डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र और नागरिक पंजीकरण बिल
- सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या से जुड़ा बिल
- सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के भुगतान के लिए MSME विधेयक
- इनकम टैक्स और टैक्स सुधार से जुड़ा बिल
- राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम संशोधन विधेयक
- और खनन क्षेत्र में सुधारों और राज्यों की मांगों से जुड़ा विधेयक पास करवाने में कामयाबी हासिल की।
ये बिल नहीं हो पाए पास-
- विदेशों से मिलने वाले चंदे और फंडिंग के नियमों को और कड़ा करने वाला FCRA बिल इस सत्र में पास नहीं हो पाया
- शिक्षा सुधार विधेयक दोनों सदनों की संयुक्त समिति के पास विचाराधीन है।
- सीटों के नए सिरे से निर्धारण को लेकर परिसीमन बिल पर सरकार विपक्ष को राजी नहीं कर पाई।
लोकसभा में 18 दिन में कितने घंटे काम हुआ?
लोकसभा में अबतक 18 दिन में सिर्फ 19 घंटे 23 मिनट काम हुआ है। जबकि शेड्यूल के हिसाब से 108 घंटे काम होना चाहिए था। यानि लोकसभा में सिर्फ 18% काम हुआ। 18 दिनों में लोकसभा में 12 बिल पास हुए और राज्यसभा में दो बिल पास हुए। हंगामे की वजह से लोकसभा का करीब 133 करोड़ रुपये बर्बाद हुआ।
राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित
राज्यसभा की कार्रवाई में आज खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पारित किया गया। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इसी के साथ मानसून सत्र समाप्त हो गया।

























