चंडीगढ़, 16 जून
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उनके नाम से जोड़ी जा रही एक कथित फर्जी वीडियो को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि यह उन्हें बदनाम करने और उनकी सरकार के जनहितैषी फैसलों से लोगों का ध्यान भटकाने की एक राजनीतिक साजिश है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल के इशारे पर यह पूरा अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से उनकी सरकार ने बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बनाया है, तब से उनके खिलाफ झूठे प्रचार और दुष्प्रचार का दौर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले ऐसे कानून की मांग कर रहे थे, वही अब इसके बनने पर सवाल उठा रहे हैं।
भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति वह नहीं हैं और इस संबंध में वह पहले ही श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के समक्ष अपना पक्ष रख चुके हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की न तो शक्ल और न ही शारीरिक बनावट उनसे मेल खाती है, फिर भी उनके राजनीतिक विरोधी उनके अक्स को खराब करने के लिए इसे उनके साथ जोड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह हमेशा श्री अकाल तख्त साहिब को सर्वोच्च मानते हैं और पूरे सम्मान व श्रद्धा के साथ इसके समक्ष सिर झुकाते हैं। उन्होंने कहा कि वह कभी भी श्री अकाल तख्त साहिब के खिलाफ जाने के बारे में सोच भी नहीं सकते।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक हितों से प्रेरित लोग धार्मिक संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक एजेंडा आगे बढ़ाने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के पानी, जवानी, किसानी और बाणी के हित में उनकी सरकार द्वारा लिए जा रहे फैसले कुछ लोगों को रास नहीं आ रहे हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के लोग और सिख संगत भली-भांति जानते हैं कि अतीत में कई महत्वपूर्ण धार्मिक और राजनीतिक फैसले किस तरह लिए गए थे। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों ने पहले बेअदबी और अन्य मामलों को स्वीकार किया, लेकिन बाद में अपने बयानों से मुकर गए, फिर भी उनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
मुख्यमंत्री ने संगत से अपील करते हुए कहा कि वे झूठे और भ्रामक प्रचार से प्रभावित न हों। उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला हमेशा लोगों और संगत का ही होता है।
उन्होंने दोहराया कि जब तक उन्हें पंजाब की सेवा करने की जिम्मेदारी मिली हुई है, वे राज्य, उसके अधिकारों और लोगों के हितों की रक्षा के लिए निडर होकर फैसले लेते रहेंगे।




















