हरियाणा के 15 ज़िलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी, 7 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बरसेंगे बादल

3

हरियाणा: आज हरियाणा के 15 ज़िलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल शामिल हैं, जहां भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद और रोहतक जैसे पश्चिमी और मध्य ज़िलों में मौसम बदलता रहेगा। कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। सोनीपत, हिसार और पानीपत में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ श्री गंगानगर, रोहतक और फतेहगढ़ से बंगाल की खाड़ी तक फैल गया है। इसकी वजह से 5 सितंबर से 7 सितंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में हवाओं के साथ बारिश होगी।

वहीं, शुक्रवार को सात ज़िलों में भारी बारिश दर्ज की गई। पंचकूला में सबसे ज़्यादा 99 मिमी बारिश हुई, जबकि गुरुग्राम में सिर्फ़ एक घंटे में 36 मिमी बारिश हुई। बाढ़ के दौरान फील्ड से गायब रहने वाले JE मनोज को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया। नेशनल हाईवे 48 डेढ़ घंटे तक बंद रहा।