Sukhbir Badal News: चंडीगढ़: बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड मामले में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह बादल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विशेष जांच दल ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। नोटिस के अनुसार, सुखबीर बादल को सोमवार को जांच में शामिल होकर अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, एसआईटी ने यह कदम पूर्व अकाली विधायक मंतर सिंह बराड़ और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला के बयानों के बाद उठाया है। विजय सांपला ने कथित तौर पर बेअदबी मामले में राज्यपाल को दिए गए प्रतिनिधिमंडल पर अपने हस्ताक्षर होने से इनकार किया है।
वहीं, पूर्व अकाली विधायक मंतर सिंह बराड़ के बयान में दावा किया गया है कि प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और डीजीपी के साथ बातचीत हुई थी। इसके अलावा, तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के ओएसडी ने भी कथित रूप से पुष्टि की है कि प्रदर्शनकारियों को हटाने के आदेश रात में दिए गए थे।
इन बयानों के मद्देनज़र एसआईटी अब सुखबीर सिंह बादल से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम के संबंध में जानकारी जुटाएगी। मामले की जांच पहले से ही जारी है और एसआईटी इन नए बयानों को महत्वपूर्ण मानते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।


















