मुंबई पुलिस ने सोमवार को बताया कि टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में पकड़े गए तीनों आरोपियों में से कोई भी नाबालिग नहीं है। मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, डीसीपी राज तिलक रोशन ने कहा कि आरोपियों में से एक की उम्र 18 साल है, जबकि बाकी दो की उम्र 22 साल है।
उन्होंने कहा, “हमारे पास अभी तीन आरोपी हैं। इनमें से दो हरियाणा से हैं और एक बिहार से है। इस मामले में कोई भी आरोपी नाबालिग नहीं है। एक की उम्र 18 साल है और बाकी दो की उम्र 22 साल है।”
टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच से छह राउंड फायरिंग
डीसीपी ने आगे बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन हमलावरों में से दो ने टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच से छह राउंड गोलियां चलाई थीं।
डीसीपी ने कहा कि उनके द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल मुंबई के अंधेरी इलाके में मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि तीनों संदिग्धों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, “हम उन्हें राजस्थान से मुंबई ला रहे हैं।”
गौरतलब है कि इस मामले के सिलसिले में तीनों संदिग्धों को कोटा रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लिया गया था।
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा पार्क में टाइगर पर गोलियां चलाईं गई। बाद में, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली, हालांकि इस पोस्ट की पुष्टि नहीं हुई है। इस गोलीबारी में अभिनेता तो सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।
मकसद की जांच जारी
डीसीपी रौशन ने बताया कि रविवार शाम करीब 7 बजे, तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए और उनमें से दो ने बॉलीवुड अभिनेता की कार पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद वे वहां से भाग गए। आरोपियों का पता लगाने के लिए क्राइम ब्रांच ने करीब 20 विशेष टीमें बनाईं। फील्ड जांच, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण की मदद से पुलिस ने उनके रास्ते का पता लगाया – वे अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन से उत्तर मुंबई की ओर गए और फिर सूरत पहुंच गए।
उन्होंने कहा “बाद में हमें पता चला कि वे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से निकल गए थे। हमने पता लगाया कि वे किस डिब्बे में हैं और कोटा पुलिस को सूचना दी। कोटा पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया, और फिर हमने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया। उन्हें मुंबई लाने की प्रक्रिया चल रही है। इस मामले में दिल्ली पुलिस, गुजरात पुलिस और राजस्थान पुलिस ने हमारी मदद की है। शुरुआती तौर पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जैसे-जैसे हमें और जानकारी मिलेगी, हम आगे की कार्रवाई करेंगे और कुछ और लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा” ।
रोशन ने बताया कि टाइगर श्रॉफ को पहले से किसी तरह की धमकी मिलने की कोई शिकायत नहीं थी। उन्होंने आगे कहा कि अभिनेता पर गोली चलाने के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है।
उन्होंने कहा, “हमारे पास ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं है जिससे पता चले कि टाइगर श्रॉफ को इस घटना से पहले कोई धमकी मिली हो। हमने जांच शुरू कर दी है, और जल्द ही हमें इस मामले की बड़ी साजिश के बारे में पता चल जाएगा।
बता दे कि रविवार शाम 7 बजे टाइगर की कार जुहू के पुष्पा पार्क पहुंची थी। टाइगर कार में फ्रंट सीट पर बैठे थे और ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान वहां शूटर्स ने फायरिंग शुरू कर दी। शूटर्स ने टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर 7 राउंड फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के दौरान टाइगर का ड्राइवर गोली लगने से घायल हो गया।
बता दे कि एक्टर हर रविवार करीब दो घंटे फुटबॉल खेलने के लिए पुष्पा नरसी पार्क आते हैं। ऐसे में पुलिस को शक है कि हमलावरों ने फायरिंग से पहले टाइगर श्रॉफ की रेकी की थी। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों को उनके इस रूटीन की जानकारी थी और वे पार्क के गेट के बाहर उनका इंतजार कर रहे थे। वे पुष्पा पार्क के पास लगभग 45 मिनट तक इंतजार करते रहे, जब तक कि श्रॉफ अपनी BMW कार में वहां नहीं पहुंच गए।


























