13 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: मथुरा के वृंदावन में हुए यमुना मोटरबोट हादसे ने एक उभरते क्रिकेटर का जीवन छीन लिया। लुधियाना के जगराओं निवासी ऋषभ शर्मा का श*व हादसे के तीन दिन बाद चामुंडा घाट के पास बरामद हुआ, जिससे परिवार गहरे सदमे में है।
बताया जा रहा है कि ऋषभ शर्मा बचपन से ही क्रिकेट और संगीत के प्रति जुनूनी थे। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज युवराज सिंह और कोच अमित उनियाल से प्रशिक्षण लिया था। उनके पिता उमेश शर्मा को पूरा विश्वास था कि उनका बेटा एक दिन खेल की दुनिया में बड़ा नाम कमाएगा।
ऋषभ न केवल क्रिकेट में प्रतिभाशाली थे, बल्कि पढ़ाई में भी अव्वल थे और एलएलबी की पढ़ाई कर रहे थे। साथ ही चंडीगढ़ की एक क्रिकेट अकादमी में कोच के रूप में बच्चों को प्रशिक्षण भी दे रहे थे।
हादसे के बाद से लापता ऋषभ की तलाश में उनके माता-पिता यमुना नदी किनारे दिन-रात इंतजार करते रहे। आखिरकार जब उनका शव मिला, तो परिवार का दर्द असहनीय हो गया। मां उमा शर्मा, जो पहले ही अपने भाई के निधन से उबर नहीं पाई थीं, बेटे की मौ*त से पूरी तरह टूट गईं।
यह हादसा न सिर्फ एक परिवार के सपनों को तोड़ गया, बल्कि एक ऐसे युवा खिलाड़ी की कहानी अधूरी छोड़ गया, जो भविष्य में भारतीय क्रिकेट का चमकता सितारा बन सकता था।



























