Punjab weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदल गया है। मोहाली समेत कई इलाकों में रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, रूपनगर और मोहाली के कुछ खास इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
वहीं, चंडीगढ़ में दिन भर बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। बारिश का सिलसिला 9 अगस्त तक जारी रहेगा। हालांकि, अभी तक कोई नई चेतावनी जारी नहीं की गई है। राज्य का अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री गिरकर सामान्य स्तर के करीब आ गया है। सबसे ज़्यादा तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार, राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम और उत्तर भारत से गुजर रही मॉनसून ट्रफ की वजह से पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून सक्रिय है। नतीजतन, अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। आज से 6 अगस्त तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है, जबकि आज कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। 7 से 9 अगस्त के बीच भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

























